बैतूल,(मध्यप्रदेश)। शहर के सदर ओवरब्रिज पर मंगलवार सुबह एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर जिला अस्पताल भिजवाया। पुलिस फिलहाल मामले की जांच कर रही है और शुरुआती तौर पर इसे सड़क दुर्घटना से जोड़कर देखा जा रहा है।
डायल-112 पर पुलिस को मिली सूचना
जानकारी के अनुसार मंगलवार सुबह डायल-112 पर सूचना मिली कि सदर ओवरब्रिज पर एक व्यक्ति अचेत अवस्था में पड़ा है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, जहां जांच करने पर पता चला कि उसकी मौत हो चुकी है। मौके पर पुलिस ने देखा कि मृतक के चेहरे और सिर पर गंभीर चोट के निशान थे। शुरुआती जांच में आशंका जताई जा रही है, कि किसी अज्ञात वाहन की टक्कर से उसकी जान गई होगी। हालांकि पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है और किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचने से पहले साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।
मृतक की पहचान अभी बांकी
पुलिस के मुताबिक मृतक की उम्र करीब 35 से 45 वर्ष के बीच है। उसने काले रंग की टी-शर्ट, नीली जींस और पीले रंग का गमछा पहन रखा था। तलाशी के दौरान उसके पास से कोई पहचान पत्र, मोबाइल फोन या अन्य दस्तावेज नहीं मिले, जिससे उसकी पहचान अब तक नहीं हो सकी है।
मृतक की पहचान के लिए आसपास के थाना क्षेत्रों में भेजी सूचना
शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम के बाद शव को पहचान होने तक सुरक्षित रखा जाएगा। वहीं, मृतक की पहचान के लिए आसपास के थाना क्षेत्रों को सूचना भेजी गई है और गुमशुदगी के रिकॉर्ड भी खंगाले जा रहे हैं। पुलिस ओवरब्रिज और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है, ताकि घटना की वास्तविक परिस्थितियों का पता लगाया जा सके।
कोतवाली पुलिस ने लोगों से अपील की है, कि यदि किसी का परिजन या परिचित लापता है अथवा मृतक के हुलिए के संबंध में कोई जानकारी हो, तो तुरंत पुलिस या डायल-112 को सूचना दें, जिससे पहचान कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा सके।
यह भी पढ़ेंः भाई को स्टेशन छोड़कर लौट रही बहन की दर्दनाक मौत