राज्य में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव को देखते हुए सत्तारूढ़ भाजपा क्षेत्रीय और जातीय समीकरण को साधने के लिए योगी कैबिनेट का विस्तार और प्रदेश भाजपा संगठन में बड़ा फेरबदल कर सकती है।
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में योगी आदित्यनाथ मंत्रिमंडल में एक और उपमुख्यमंत्री बनाया जा सकता है। राज्य में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव को देखते हुए सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी क्षेत्रीय और जातीय समीकरण को साधने के लिए जल्द योगी कैबिनेट का विस्तार और प्रदेश भाजपा संगठन में बड़ा फेरबदल कर सकती है।
दिल्ली में मुलाकातों का दौर और नए कयास
यूपी में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पद पर केन्द्रीय मंत्री पंकज चौधरी के चुने जाने के बाद से ही राज्य में योगी मंत्रिमंडल विस्तार की उम्मीद की जा रही है। निवर्तमान प्रदेश भाजपा अध्यक्ष भूपेन्द्र चौधरी को एक बार फिर कैबिनेट में शामिल किए जाने की चर्चा है। इन चर्चाओं के बीच यूपी के उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने सोमवार को दिल्ली में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन और अन्य केन्द्रीय नेताओं से मुलाकात की थी। इस दौरान उन्होंने भाजपा के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष एवं केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी के साथ बैठक की। माना जा रहा है कि दोनो नेताओं ने इस मुलाकात में संगठन और सरकार के विस्तार पर चर्चा हुई है।
ब्राह्मण समाज को साधने की बड़ी रणनीति
डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक की इन मुलाकातों के बाद यूपी में बहुप्रतीक्षित कैबिनेट विस्तार और भाजपा प्रदेश संगठन में फेरबदल की अटकलें तेज हो गयी हैं। पार्टी सूत्रों के अनुसार एक महीने में मंत्रिमंडल विस्तार और संगठन में भी बड़े स्तर पर फेरबदल देखने को मिल सकता है। सूत्रों के अनुसार हाल में ब्राह्मण वर्ग में हो रही हलचलों को देखते हुए भाजपा इस समुदाय को साधने की रणनीति के तहत इस वर्ग को संगठन और मंत्रिमंडल विस्तार में महत्वपूर्ण भूमिका दे सकती है। समझा जाता है कि ब्राह्मण वर्ग को साधने का दारोमदार ब्रजेश पाठक के कंधों पर होगा।
कैबिनेट में 15 नए चेहरों को मौका मिलने की संभावना
सूत्रों के अनुसार योगी मंत्रिमंडल में लगभग 15 नए चेहरों को शामिल किया जा सकता है। दिल्ली बैठक के बाद मंत्रिपरिषद विस्तार के साथ ही राज्य में तीसरा डिप्टी सीएम बनाये जाने की सुगबुगाहट तेज हो गयी है। प्रस्तावित कैबिनेट विस्तार में कुछ विधायकों के साथ संगठन से जुड़े सक्रिय पदाधिकारियों को भी मौका मिल सकता है। सूत्रों ने कहा कि विस्तार में कुछ मौजूदा मंत्रियों की छुट्टी भी संभव है। पार्टी नेतृत्व मौजूदा मंत्रियों के प्रदर्शन की समीक्षा कर चुनाव को देखते हुए नई टीम तैयार कर सकती है।
प्रदेश संगठन में फेरबदल की तैयारी
सूत्रों के मुताबिक योगी कैबिनेट विस्तार के साथ ही भाजपा संगठन का भी पुनर्गठन हो सकता है। पार्टी के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी के पदग्रहण के बाद से ही संगठन में फेरबदल लंबित है। माना जा रहा है कि नये प्रदेश अध्यक्ष जल्द ही संगठन की अपनी नई टीम का ऐलान कर सकते हैं। इसमें कई पुराने पदाधिकारियों की जिम्मेदारियों में बदलाव या नई नियुक्तियां संभव हैं। भाजपा नेतृत्व अनुभवी नेताओं और युवा चेहरों के बीच संतुलन बनाने की रणनीति पर काम कर रहा है। सूत्रों के मुताबिक संगठन को अधिक सक्रिय, चुनावी दृष्टि से सक्षम और सामाजिक रूप से प्रतिनिधिक बनाने पर विशेष जोर दिया जा रहा है। पंचायत चुनाव और लोकसभा के बाद अब पार्टी की नजर सीधे 2027 विधानसभा चुनाव पर है।
यह भी पढ़ें: https://www.primenewsnetwork.in/india/india-unveils-first-national-anti-terror-policy-prahaar/145565
भारत की पहली राष्ट्रीय आतंकवाद विरोधी नीति 'प्रहार' जारी, जीरो टॉलरेंस का सख्त संदेश