प्राइम न्यूज़ – एक कसम, राष्ट्र प्रथम
Breaking News

भीषण गर्मी के बीच रिकॉर्ड बिजली आपूर्ति

UP Electricity Supply Update: उत्तर प्रदेश के ग्रामीण क्षेत्रों में 20 से 24 घंटे तक निर्बाध बिजली सप्लाई

उत्तर प्रदेश में इन दिनों प्रचंड गर्मी का असर साफ देखने को मिल रहा है। गर्मी के इस कठिन दौर में भी यूपी में बिजली व्यवस्था लगातार मजबूत बनी हुई है।

up electricity supply update उत्तर प्रदेश के ग्रामीण क्षेत्रों में 20 से 24 घंटे तक निर्बाध बिजली सप्लाई

फाइल फोटो |

लखनऊ (उत्तर प्रदेश)। उत्तर प्रदेश में इन दिनों प्रचंड गर्मी का असर साफ देखने को मिल रहा है। गर्मी के इस कठिन दौर में भी यूपी में बिजली व्यवस्था लगातार मजबूत बनी हुई है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में शहरों से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक बिजली आपूर्ति में उल्लेखनीय सुधार हुआ है। विशेष रूप से ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति में हुए सुधार को सरकार की बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है। योगी सरकार में ग्रामीण क्षेत्रों में 20 से 22.5 घंटे तक लगातार बिजली आपूर्ति की जा रही है।

मेरठ, गाजियाबाद समेत अन्य जिलों के ग्रामीण क्षेत्रों में मिल रही 23 से 24 घंटे बिजली

मैनपुरी, फिरोजाबाद समेत तमाम जिलों के ग्रामीण क्षेत्रों में 24-24 घंटे बिजली आपूर्ति की जा रही है। वहीं पीक डिमांड बिजली आपूर्ति करने में उत्तर प्रदेश ने अपने और देशभर के सभी रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। 23 जून की रात 22.26 बजे यूपीपीसीएल ने रिकॉर्ड 32405 मेगावाट बिजली आपूर्ति की। यूपीपीसीएल की ओर से जारी आंकड़ों पर नजर डालें तो मेरठ के ग्रामीण क्षेत्रों में 23 से 24 घंटे बिजली आपूर्ति की जा रही है। 19 जून को 23.55 घंटे, 20 जून को 23.48 घंटे, 21 जून को 24 घंटे बिजली आपूर्ति की गई। इसी तरह गाजियाबाद में 19 जून को 23.53 घंटे, 20 जून को 23.53 घंटे और 21 जून को 24 घंटे बिजली आपूर्ति की गई। लखनऊ में भी 19 जून को 23.58 घंटे, 20 जून को 22.54 घंटे और 21 जून को 23.12 घंटे बिजली आपूर्ति की गई।

इस समय 20 से 24 घंटे तक हो रही बिजली सप्लाई

योगी सरकार के कार्यकाल में बिजली व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए लगातार ठोस कदम उठाए गए हैं। इसका परिणाम यह है कि आज प्रदेश के लाखों ग्रामीण उपभोक्ताओं को पहले की तुलना में कहीं बेहतर बिजली सुविधा मिल रही है। ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति की स्थिति में बड़ा बदलाव देखने को मिला है। वर्तमान में प्रदेश के ग्रामीण क्षेत्रों के लिए 18 घंटे बिजली आपूर्ति का शेड्यूल निर्धारित है, लेकिन भीषण गर्मी को देखते हुए निर्धारित शेड्यूल से अधिक बिजली आपूर्ति की जा रही है। इस समय ग्रामीण क्षेत्रों में 20 घंटे से लेकर 24 घंटे तक बिजली सप्लाई सुनिश्चित की जा रही है।

2017 से पहले ग्रामीण क्षेत्रों में सिर्फ 11 घंटे ही था बिजली आपूर्ति का शेड्यूल

गर्मी के मौसम में जहां पहले बिजली कटौती बड़ी समस्या बन जाती थी, वहीं अब लंबे समय तक निर्बाध बिजली आपूर्ति से लोगों को काफी राहत मिल रही है। इससे न केवल घरेलू जीवन आसान हुआ है बल्कि छोटे व्यवसायों, किसानों और छात्रों को भी बड़ा लाभ मिल रहा है। अगर वर्ष 2017 से पहले की स्थिति पर नजर डालें तो स्थिति बिल्कुल अलग थी। उस समय ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति का शेड्यूल लगभग 11 घंटे का हुआ करता था। वास्तविक स्थिति इससे भी खराब थी, क्योंकि अधिकांश गांवों में सिर्फ 8 से 11 घंटे ही बिजली मिल पाती थी। कई क्षेत्रों में अघोषित कटौती आम बात थी। 2017 से पहले सिर्फ कुछ ही चिन्हित वीआईपी जनपदों में निर्बाध बिजली आपूर्ति होती थी। 

हर स्तर पर लगातार हो रही मॉनिटरिंग

उत्तर प्रदेश पावर कारपोरेशन के अध्यक्ष डॉ. आशीष कुमार गोयल ने कहा कि कारपोरेशन और डिस्काम के अधिकारी व कर्मचारी सुचारु विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए पूरी सजकता के साथ ड्यूटी कर रहे हैं। हर स्तर पर लगातार मॉनिटरिंग हो रही है। उन्होंने कहा कि विद्युत उपभोक्ताओं को इस भीषण गर्मी के दिनों में बेहतर विद्युत आपूर्ति मिले, इसके लिए कारपोरेशन पूरी तरह से प्रयासरत है।

यह भी पढ़ें: दिल्ली हाई कोर्ट का बड़ा फैसला: 26 हफ्ते से अधिक की गर्भवती नाबालिग रेप पीड़िता को मिली गर्भपात की इजाजत

Related to this topic: