फतेहपुर (उत्तर प्रदेश)। फतेहपुर थाना ललौली क्षेत्र के मेंवली गांव में रविवार शाम एक 21 वर्षीय युवती ने घर के किचन में फंदे से लटककर जान दे दी। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। युवती ने यह कदम क्यों उठाया, इसकी वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सकी है।
शाम करीब 5:45 बजे की घटना
पिता रामकिशोर यादव ने पुलिस को दी सूचना में बताया कि उनकी बेटी रविवार शाम करीब 5:45 बजे घर के किचन में थी। इसी दौरान उसने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। परिजनों की नजर पड़ने पर घर में चीख-पुकार मच गई। आनन-फानन में पुलिस को सूचना दी गई। परिजनों का कहना है कि निशु ने आखिर किन परिस्थितियों में यह कदम उठाया, इसकी जानकारी उन्हें भी नहीं है। घटना के बाद परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची
सूचना मिलते ही ललौली थाना प्रभारी प्रमोद कुमार राव और बहुआ चौकी प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद शव को नीचे उतरवाया। पंचनामा भरकर शव पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल की मोर्चरी भेज दिया गया।
मामले की जांच जारी
ललौली थाना प्रभारी प्रमोद कुमार राव ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। आत्महत्या के कारणों का पता लगाने के लिए परिजनों से पूछताछ की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़ेंः जौनपुर में पुलिस का बड़ा एक्शन, 70 आरोपी गिरफ्तार; 62 वारंटी और 7 वांछित शामिल