प्राइम न्यूज़ – एक कसम, राष्ट्र प्रथम
Breaking News

किराना कारोबारी हत्याकांड में 5 आरोपी गिरफ्तार

वाराणसी में किराना कारोबारी हत्याकांड का खुलासा, साइबर ठगी गिरोह के 5 आरोपी गिरफ्तार

वाराणसी में किराना कारोबारी जितेंद्र पटेल हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा करते हुए साइबर ठगी से जुड़े पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया। दो आरोपी पुलिस मुठभेड़ में घायल हुए।

वाराणसी में किराना कारोबारी हत्याकांड का खुलासा साइबर ठगी गिरोह के 5 आरोपी गिरफ्तार

Varanasi Grocery Trader Murder Solved, 5 Cyber Fraud Accused Held |

वाराणसी (उतर प्रदेश)। रोहनिया थाना क्षेत्र में 8 जून को हुए किराना कारोबारी जितेंद्र पटेल हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। एसओजी और रोहनिया पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में इस मामले में पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। इनमें से दो आरोपी पुलिस मुठभेड़ के दौरान घायल हुए हैं। जांच में सामने आया है कि सभी आरोपी साइबर ठगी से जुड़े हुए थे और मृतक के बैंक खाते में जमा रकम हड़पने की योजना बना रहे थे।

कर्मचारी बताकर किया करता था दुकानदारों से ठगी

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों में मिर्जापुर जिले के अदलहाट थाना क्षेत्र के सुशील पटेल, मनीष सिंह और अमन सेठ के अलावा अहरौरा थाना क्षेत्र के आयुष पटेल और ग्यांशु पटेल शामिल हैं। पूछताछ में पता चला कि आरोपी खुद को डिजिटल भुगतान कंपनी का कर्मचारी बताकर दुकानदारों से ठगी करते थे। जांच में यह भी सामने आया कि करीब छह महीने पहले ग्यांशु पटेल, पेटीएम केवाईसी के नाम पर जितेंद्र पटेल की दुकान पहुंचा था। इस दौरान उसने उनके मोबाइल की जानकारी हासिल की और उसे पता चला कि जितेंद्र के बैंक खाते में करीब 26 लाख रुपये जमा हैं। इसके बाद उसने अपने साथियों के साथ मिलकर मोबाइल और बैंक खाते तक पहुंच बनाने की योजना तैयार की।

दुकान बंद कर घर लौटते समय मारी गोली

पुलिस के मुताबिक, 7 जून की रात आरोपियों ने जितेंद्र पटेल की गतिविधियों पर नजर रखी। कुछ आरोपी बाइक से और अन्य कार से उनकी रेकी कर रहे थे। जब जितेंद्र दुकान बंद कर घर लौट रहे थे, तब घर से कुछ दूरी पहले उन्हें गोली मार दी गई। गंभीर रूप से घायल जितेंद्र किसी तरह घर पहुंचे, जहां से परिजन उन्हें अस्पताल ले गए। इलाज के दौरान 8 जून को उनकी मौत हो गई।

पुलिस ने दोनों आरोपीयों को किया गिरफ्तार

मामले की जांच के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी मिर्जापुर की ओर से वाराणसी आने वाले हैं। इसके बाद एसओजी और रोहनिया पुलिस ने संयुक्त रूप से घेराबंदी की। पुलिस का दावा है कि खुद को घिरा देख दो आरोपियों ने फायरिंग शुरू कर दी, जिसके जवाब में पुलिस ने कार्रवाई की। इस दौरान सुशील पटेल और ग्यांशु पटेल के पैर में गोली लगी और दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया। बाद में तीन अन्य आरोपियों को भी पकड़ लिया गया।

आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद भेजा गया जेल 

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि यह मामला इसलिए भी अलग है क्योंकि साइबर ठगी करने वाले आरोपियों ने बैंक खाते में मौजूद रकम तक पहुंच नहीं बना पाने पर हत्या जैसी वारदात को अंजाम दिया। फिलहाल सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है। पुलिस मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है। 

यह भी पढ़ेंः   शिवपुरी में बीजेपी विधायक प्रीतम लोधी को ग्रामीणों ने रोका, बिजली-पानी की समस्या पर जताया विरोध

Related to this topic: