बांका के मंदार पर्वत पर युवती के साथ अभद्र व्यवहार और मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने बीएनएस और आईटी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
बांका (बिहार)। बिहार के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल मंदार पर्वत से युवती के साथ अभद्र व्यवहार और मारपीट की कोशिश का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है। वीडियो में कुछ युवक युवती का हाथ मरोड़ते, छेड़छाड़ करते और चप्पल से मारने की कोशिश करते नजर आ रहे हैं। बताया जा रहा है कि वीडियो 3 सितंबर का है, लेकिन यह हाल में वायरल हुआ। पुलिस को वीडियो 22 सितंबर को सोशल मीडिया सेल के माध्यम से मिला।
पुलिस ने वीडियो का किया सत्यापन
इसके बाद बौंसी थाना पुलिस मंदार पर्वत पहुंची और वीडियो का सत्यापन किया। जांच में वीडियो मंदार पर्वत का ही पाया गया।वीडियो में छह अज्ञात युवकों द्वारा युवती के साथ अभद्र व्यवहार किए जाने की बात FIR में दर्ज है। पुलिस ने मामले में BNS की धारा 74, 75, 76, 3(5) तथा IT Act की धारा 66E और 67A के तहत केस दर्ज किया है।
आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस
वीडियो को हम करेंगे गुंडागर्दी, क्या कर लेगी सरकारी वर्दी जैसे गाने की लाइन के साथ रील बनाकर सोशल मीडिया पर शेयर किए जाने की बात भी सामने आई है। पुलिस अब वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान में जुटी है और मंदार पर्वत के आसपास पूछताछ की जा रही है। मंदार पर्वत जैसे प्रमुख पर्यटन स्थल पर हुई इस घटना ने वहां की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।
यह भी पढ़ें: बरेली में सीमेंट से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली की टक्कर से स्कूली छात्र की मौत, चाचा गंभीर रूप से घायल