चंदौली {उत्तर प्रदेश}: सैयदराजा थाना क्षेत्र में पुलिस और बदमाश के बीच मुठभेड़ का मामला सामने आया है। सवैया पट्टीदारी के पास सैयदराजा थाना पुलिस, स्वाट और सर्विलांस टीम की संयुक्त कार्रवाई में पुलिस ने 50 हजार रुपये के इनामी बदमाश राजू मुसहर को गिरफ्तार किया है। मुठभेड़ के दौरान जवाबी कार्रवाई में बदमाश के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया।
घेराबंदी के दौरान पुलिस पर फायरिंग
पुलिस के मुताबिक, टीम सवैया पट्टीदारी के पास संदिग्धों की चेकिंग और बदमाशों की तलाश में जुटी थी। इसी दौरान राजू मुसहर की घेराबंदी की गई। खुद को घिरता देख बदमाश ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें राजू मुसहर के पैर में गोली लग गई। इसके बाद पुलिस ने उसे मौके से गिरफ्तार कर लिया।
तमंचा और कारतूस बरामद
पुलिस ने घायल बदमाश के कब्जे से .315 बोर का तमंचा, एक खोखा और मिसफायर कारतूस बरामद किया है। मौके से एक मोटरसाइकिल भी मिली है, जिसकी पुलिस जांच कर रही है। पुलिस के अनुसार, राजू मुसहर 15 दिसंबर 2025 को हुई हत्या और डकैती की वारदात में लंबे समय से वांछित चल रहा था। उसके खिलाफ डकैती समेत कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस ने उसकी गिरफ्तारी को बड़ी सफलता माना है।
जिला अस्पताल में कराया गया इलाज
क्षेत्राधिकारी सदर नामेंद्र कुमार रावत ने बताया कि इनामी बदमाश की गिरफ्तारी के बाद उसके आपराधिक इतिहास और बरामद मोटरसाइकिल की जांच की जा रही है। वहीं, जिला अस्पताल में आकस्मिक चिकित्सक डॉ. चंद्रमणि सिंह की निगरानी में घायल बदमाश का उपचार किया गया।
अन्य मामलों और साथियों की जांच
पुलिस टीम गिरफ्तार बदमाश के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई में जुटी है। साथ ही उसके अन्य आपराधिक मामलों और संभावित साथियों के संबंध में भी जानकारी जुटाई जा रही है।
यह भी पढ़े: सिंगरौली में दर्दनाक हादसा, दादा और 3 साल की पोती बरसाती नाले में बहे