प्राइम न्यूज़ – एक कसम, राष्ट्र प्रथम

नई पाइपलाइन बनी मुसीबत

नई पाइपलाइन बनी मुसीबत, मैनाताली में 25 दिनों से पानी के लिए भटक रहे लोग

मैनाताली क्षेत्र में पिछले 20 से 25 दिनों से पेयजल आपूर्ति बाधित होने से स्थानीय लोग परेशान हैं।

नई पाइपलाइन बनी मुसीबत मैनाताली में  25 दिनों से पानी के लिए भटक रहे लोग

Water Crisis in Mainatali as New Pipeline Fails, Locals Affected for 25 Days |

चंदौली, (उत्तर प्रदेश): मुगलसराय के वार्ड नंबर-25 मैनाताली क्षेत्र में पिछले 20 से 25 दिनों से पेयजल आपूर्ति बाधित होने के कारण स्थानीय लोगों में भारी नाराजगी व्याप्त है। पानी की समस्या से जूझ रहे लोगों का कहना है कि उन्हें पीने के पानी के लिए इधर-उधर भटकना पड़ रहा है तथा रोजमर्रा के कार्यों के लिए आरओ का पानी खरीदकर काम चलाना पड़ रहा है।

आरओ का पानी खरीदते-खरीदते लोगों की हालत खराब

स्थानीय निवासी अजय कुमार शर्मा उर्फ दीपू ने बताया कि पिछले करीब 10 दिनों से उनके क्षेत्र में पानी नहीं आ रहा है। उन्होंने कहा कि आरओ का पानी खरीदते-खरीदते उनकी हालत खराब हो गई है, लेकिन समस्या का समाधान करने के बजाय विभागीय अधिकारी एक-दूसरे पर जिम्मेदारी डाल रहे हैं। उन्होंने बताया कि वार्ड सदस्य से शिकायत करने पर उन्हें बताया गया कि मामला पीडब्ल्यूडी से जुड़ा है।

नहीं हो रही नई पाइपलाइन से जलापूर्ति

वहीं क्षेत्र निवासी विनोद कुमार जायसवाल उर्फ कल्लू ने बताया कि नई पाइपलाइन तो बिछा दी गई है, लेकिन अब तक यह स्पष्ट नहीं किया गया है कि जलापूर्ति कब शुरू होगी। उन्होंने कहा कि करीब 25 से 30 दिनों से लोग पानी के लिए परेशान हैं और बोतलों के सहारे किसी तरह काम चला रहे हैं। कई बार शिकायत के बावजूद कोई सुनवाई नहीं हो रही है।

पीडब्ल्यूडी की कार्यशैली पर उठाए सवाल

इस संबंध में वार्ड नंबर-25 के सभासद राजेश जायसवाल ने पीडब्ल्यूडी की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए कहा कि नाला निर्माण के दौरान पुरानी पाइपलाइन को क्षतिग्रस्त कर दिया गया था। बाद में नई पाइपलाइन बिछाई गई, लेकिन उसका कनेक्शन और ज्वाइनिंग कार्य अब तक पूरा नहीं हो सका है, जिसके कारण पूरे क्षेत्र में जल संकट गहरा गया है। सभासद राजेश जायसवालस ने बताया कि उन्होंने इस मामले की शिकायत पीडब्ल्यूडी के जेई और नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी से की थी। अधिकारियों ने जल्द समाधान का आश्वासन दिया, लेकिन अभी तक स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ है। उन्होंने आरोप लगाया कि पीडब्ल्यूडी की अव्यवस्थित कार्यप्रणाली के कारण जनता को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है और लोगों का गुस्सा जनप्रतिनिधियों पर निकल रहा है।

पीडब्ल्यूडी अधिकारियों को तत्काल समस्या के समाधान के निर्देश

उधर, क्षेत्रीय विधायक रमेश जायसवाल ने बताया कि नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी धर्मराज सिंह तथा पीडब्ल्यूडी अधिकारियों को तत्काल समस्या के समाधान के निर्देश दिए गए हैं। विधायक ने कहा कि जनता को हो रही परेशानियों को देखते हुए जलापूर्ति व्यवस्था को जल्द से जल्द बहाल करने के लिए संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।

आंदोलन करने के लिए मजबूर क्षेत्रवासी

क्षेत्रवासियों ने चेतावनी दी है, कि यदि शीघ्र जलापूर्ति बहाल नहीं की गई तो वे आंदोलन करने के लिए मजबूर होंगे। फिलहाल मैनाताली सहित आसपास के इलाकों में पानी की समस्या लोगों के लिए बड़ी परेशानी का कारण बनी हुई है।

यह भी पढ़ेंः सड़क पर बिछ गई मासूम नाबालिग की लाश, पिता गंभीर घायल... हाईवा चालक फरार

Related to this topic: