मुरैना के सिद्ध नगर में मकान अपने नाम कराने को लेकर हुए विवाद में एक बुजुर्ग दंपती के साथ मारपीट का मामला सामने आया है।
मुरैना: शहर के सिद्ध नगर से रिश्तों को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। यहां मकान अपने नाम कराने को लेकर हुए विवाद में एक बेटे और बहू पर अपने ही बुजुर्ग माता-पिता के साथ मारपीट करने और वृद्ध मां को कथित रूप से जबरदस्ती गेहूं की गोली खिलाने का आरोप लगा है। हालत बिगड़ने पर वृद्धा को जिला अस्पताल ले जाया गया, लेकिन रास्ते में ही उनकी हालत गंभीर हो गई।
मकान के विवाद में बुजुर्ग दंपती से मारपीट
अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। बताया जा रहा है कि सिद्ध नगर निवासी सोवरन सिंह सिकरवार और उनकी पत्नी जलदेवी सिकरवार के साथ बीती रात उनके पुत्र सतीश और पुत्रवधू राधा का मकान अपने नाम कराने को लेकर विवाद हुआ। आरोप है कि विवाद इतना बढ़ गया कि बेटे-बहू ने बुजुर्ग दंपती के साथ मारपीट शुरू कर दी। इसी दौरान जलदेवी सिकरवार को जबरन गेहूं की गोली खिलाने का आरोप है।
मारपीट के बाद बुजुर्ग महिला की मौत
घटना के बाद बुजुर्ग दंपती को गंभीर हालत में छोड़कर आरोपी पति-पत्नी मौके से फरार हो गए। घायल सोवरन सिंह ने मदद के लिए गुहार लगाई तो पड़ोसियों ने उनकी सहायता की और दोनों को जिला चिकित्सालय पहुंचाया। अस्पताल में चिकित्सकों ने जलदेवी सिकरवार को मृत घोषित कर दिया। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम हाउस भेज दिया गया। अस्पताल से मामले की सूचना सिटी कोतवाली पुलिस को दी गई। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट से स्पष्ट होने की बात कही जा रही है।
पुलिस जांच में जुटी
परिजनों के मुताबिक सोवरन सिंह सिकरवार मूल रूप से गलेथा गांव के रहने वाले हैं। उनके दो पुत्र राजेश और मनेन्द्र मुरैना से बाहर रहते हैं, जबकि तीसरा पुत्र सतीश अपनी पत्नी राधा के साथ मुरैना में रहता है। परिजनों ने सतीश पर शराब पीने का भी आरोप लगाया है। मृतका के पुत्र मनेन्द्र सिंह का आरोप है कि मकान अपने नाम कराने को लेकर माता-पिता पर दबाव बनाया जा रहा था। वहीं घायल पिता सोवरन सिंह ने भी पूरी घटना को लेकर अपनी पीड़ा बताई है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट, मेडिकल परीक्षण और पीड़ित के बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
ये भी पढ़ें- उज्जैन मस्जिद विवाद पर मौलाना रजवी की शांति की अपील, प्रशासन से संवाद का आग्रह