भरथना थाना क्षेत्र के तुरैया नहर पुल पर सड़क के गड्ढे के कारण हुआ हादसा एक महिला के लिए जानलेवा साबित हुआ।
इटावा: भरथना थाना क्षेत्र के तुरैया नहर पुल पर सड़क के गड्ढे के कारण हुआ हादसा एक महिला के लिए जानलेवा साबित हुआ। बुधवार सुबह बाइक फिसलने से गंभीर रूप से घायल हुई 45 वर्षीय किरन देवी, पत्नी ऋषिपाल, निवासी जसराना (फिरोजाबाद), ने देर रात सैफई पीजीआई में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।
गड्ढे में पहिया जाने से फिसली बाइक
बताया गया कि किरन देवी अपने बेटे के साथ अछल्दा से बाइक पर सवार होकर अपने घर लौट रही थीं। जैसे ही उनकी बाइक तुरैया नहर पुल पर पहुंची, सड़क पर बने गहरे गड्ढे में पहिया चला गया, जिससे बाइक अनियंत्रित होकर फिसल गई। हादसे में किरन देवी गंभीर रूप से घायल हो गईं, जबकि उनका बेटा भी चोटिल हो गया।
सैफई पीजीआई में इलाज के दौरान हुई मौत
राहगीरों की मदद से घायल महिला को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भरथना पहुंचाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए सैफई पीजीआई रेफर कर दिया गया। इलाज के दौरान देर रात उनकी मौत हो गई, जिससे परिवार में मातम छा गया। महिला की मौत की सूचना मिलने पर भरथना थाना पुलिस मौके पर पहुंची। उपनिरीक्षक रामऔतार ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करते हुए शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
खराब सड़क को लेकर लोगों में नाराजगी
हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने सड़क की बदहाल स्थिति पर नाराजगी जताई। उनका कहना है कि तुरैया नहर पुल की सड़क लंबे समय से गड्ढों से भरी हुई है और कई बार शिकायत करने के बावजूद इसकी मरम्मत नहीं कराई गई। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से सड़क की तत्काल मरम्मत कराने की मांग की है। उनका कहना है कि समय रहते सड़क ठीक नहीं कराई गई तो भविष्य में भी ऐसे दर्दनाक हादसे हो सकते हैं।
यह भी पढ़े: वाराणसी में गंगा किनारे मिला अज्ञात युवक का शव, पहचान और मौत की वजह तलाशने में जुटी पुलिस