घोड़ाडोंगरी क्षेत्र में सोमवार रात को भाई को रेलवे स्टेशन छोड़कर घर वापस आ रही महिला की सड़क दुर्घटना में मौत हो गई है।
बैतूल,(मध्यप्रदेश): जिले के घोड़ाडोंगरी क्षेत्र में सोमवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में 35 वर्षीय महिला की मौत हो गई। महिला अपने भाई को रेलवे स्टेशन पर ट्रेन में बैठाकर स्कूटी से घर लौट रही थी। इसी दौरान रास्ते में एक ट्रक की टक्कर से उनकी मौके पर ही जान चली गई। घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है।
स्कूटी से वापस घर लौट रही थी महिला
जानकारी के अनुसार, शोभापुर निवासी प्रमिला धुर्वे सरकारी हॉस्टल में रसोइया के पद पर कार्यरत थीं। सोमवार रात वह अपने भाई को घोड़ाडोंगरी रेलवे स्टेशन पर छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस में बैठाने गई थीं। भाई के रवाना होने के बाद वह स्कूटी से वापस घर लौट रही थीं।
तेज रफ्तार ट्रक से हुई टक्कर
इसी दौरान घोड़ाडोंगरी-रानीपुर जोड़ के पास उनकी स्कूटी को एक तेज रफ्तार ट्रक ने टक्कर मार दी। हादसा इतना गंभीर था कि प्रमिला धुर्वे ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटना की सूचना मिलते ही घोड़ाडोंगरी पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की।
हादसे में शामिल ट्रक जब्त
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र घोड़ाडोंगरी के शवगृह भेज दिया। हादसे में शामिल ट्रक को जब्त कर लिया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। बताया गया है, कि मृतका के पति राजू परते होमगार्ड में सैनिक हैं। अचानक हुए इस हादसे से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। स्थानीय लोगों ने भी घटना पर शोक व्यक्त किया है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद दुर्घटना के कारणों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़ेंः अमेठी में दिव्यांग प्रतिनिधियों से दुर्व्यवहार का आरोप; कार्रवाई की मांग