बरेली के मीरगंज थाना क्षेत्र की एक विवाहिता ने पति और ससुराल पक्ष के लोगों पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने, मारपीट और गाली-गलौज करने का आरोप लगाया है
बरेली {उत्तर प्रदेश}: बरेली के मीरगंज थाना क्षेत्र की एक विवाहिता ने पति और ससुराल पक्ष के लोगों पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने, मारपीट और गाली-गलौज करने का आरोप लगाया है। विवाहिता ने क्षेत्राधिकारी मीरगंज को शिकायती पत्र देकर मामले की जांच कर मुकदमा दर्ज कराने और कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
13 अप्रैल 2025 को हुई थी शादी
शिकायती पत्र के अनुसार, मोहल्ला खानपुरा निवासी आरती की शादी 13 अप्रैल 2025 को हिंदू रीति-रिवाज से थाना फतेहगंज पश्चिमी क्षेत्र के गांव मनकरी निवासी युवक के साथ हुई थी। आरोप है कि शादी में मायके पक्ष ने अपनी सामर्थ्य के अनुसार करीब 10 लाख रुपये खर्च किए थे। इसके बावजूद ससुराल पक्ष के लोग कम दहेज लाने का ताना देकर बुलेट मोटरसाइकिल की मांग करने लगे।
देवर पर दुष्कर्म के प्रयास का भी आरोप
महिला का आरोप है कि दहेज की मांग पूरी न होने पर पति, देवर, ससुर और सास उसके साथ गाली-गलौज और मारपीट करते थे। शिकायती पत्र में देवर पर बदनीयती रखने और दुष्कर्म के प्रयास का भी गंभीर आरोप लगाया गया है।
पति पर दूसरी शादी करने का दावा
विवाहिता ने अपने पति पर एक अन्य महिला से कथित अवैध संबंध होने और उससे दूसरी शादी करने का भी दावा किया है। महिला ने इस संबंध में प्रमाण होने की बात कही है। पीड़िता ने क्षेत्राधिकारी मीरगंज से मामले की जांच कर संबंधित थाने में मुकदमा दर्ज कराने और आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है। सीओ मीरगंज ने बताया कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
ये भी पढ़ें: मृत्यु प्रमाण पत्र के लिए 9 महीने इंतजार, लोक अदालत ने नगर पालिका की कार्यप्रणाली पर उठाए सवाल