मुरैना जिले के ग्राम पंचायत तिलावली के लम्बरदार पुरा में रविवार को तेज गर्जना और बारिश के बीच गिरी आकाशीय बिजली की चपेट में आने से एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई।
मुरैना (मध्यप्रदेश)। मुरैना जिले के ग्राम पंचायत तिलावली के लम्बरदार पुरा में रविवार को मौसम ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। तेज गर्जना और बारिश के बीच गिरी आकाशीय बिजली की चपेट में आने से एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है। बताया जा रहा है कि लम्बरदार पुरा निवासी सोनेराम गौर की पत्नी अचानक आकाशीय बिजली की चपेट में आ गईं। आसपास मौजूद लोगों ने उन्हें बचाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।
प्रशासन ने शुरू की सहायता प्रक्रिया, ग्रामीणों से सतर्क रहने की अपील
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। प्रशासन ने पीड़ित परिवार को नियमानुसार आर्थिक सहायता दिलाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। ग्रामीणों का कहना है कि मौसम अचानक बदला और कुछ ही क्षणों में बिजली गिरने की घटना हो गई। इस हादसे ने पूरे गांव को स्तब्ध कर दिया है। लोगों ने बारिश और गरज-चमक के दौरान खुले स्थानों पर न जाने तथा सुरक्षित जगह पर रहने की अपील की है।
यह भी पढ़ें: गजाधर बिगहा गांव में हाई टेंशन तार की चपेट में आने से किसान की दर्दनाक मौत, पसरा मातम