कासिम बाजार थाना क्षेत्र के फौजदारी बाजार में रविवार सुबह मामूली विवाद में पड़ोसी युवक ने किराना दुकानदार महिला के पेट में चाकू घोंप दिया।
मुंगेर {बिहार}: कासिम बाजार थाना क्षेत्र के फौजदारी बाजार में रविवार सुबह मामूली विवाद में पड़ोसी युवक ने किराना दुकानदार महिला के पेट में चाकू घोंप दिया। अचानक हुए हमले में महिला गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ी। सूचना मिलते ही 112 पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्वजन की मदद से घायल महिला को सदर अस्पताल पहुंचाया। घटना के बाद पुलिस ने आरोपित युवक हरिया को हिरासत में ले लिया है। घायल महिला की पहचान गोपाल साह की पत्नी वीणा देवी के रूप में हुई है।
घर का दरवाजा बंद करने और कूड़ा फैलाने का आरोप
सदर अस्पताल में इलाज के दौरान वीणा ने पुलिस को बताया कि वह घर के बाहर किराना दुकान चलाती है। आरोप है कि पड़ोस में रहने वाला हरिया आए दिन उसके घर का दरवाजा बाहर से बंद कर देता था। इसके अलावा वह दूसरे स्थानों से कूड़ा उठाकर उसके घर के बरामदे में फैला देता था। युवक की इन हरकतों से महिला और उसका परिवार परेशान था।
समझाने पर भड़का युवक
रविवार सुबह भी हरिया ने कथित तौर पर महिला के घर का दरवाजा बाहर से बंद कर दिया और वहां कूड़ा फैला दिया। वीणा ने उसे समझाने की कोशिश की। महिला ने पुलिस को बताया कि उसने हरिया से कहा, "बेटा, ऐसा काम क्यों करते हो।" इसी बात पर युवक तैश में आ गया और महिला से बहस करने लगा।
अचानक चाकू निकालकर किया वार
बहस के दौरान देखते ही देखते युवक ने चाकू निकाल लिया और वीणा के पेट में वार कर दिया। अचानक हुए हमले में महिला लहूलुहान होकर सड़क पर गिर पड़ी। घटना के बाद आसपास के लोगों में अफरातफरी मच गई। घटना की सूचना मिलते ही 112 पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्वजन की मदद से घायल महिला को सदर अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज चल रहा है। पुलिस ने आरोपित हरिया को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। घटना में इस्तेमाल किए गए चाकू और हमले के वास्तविक कारणों की भी पुलिस जांच कर रही है।
यह भी पढ़ें: हाइवा और ईको की भीषण भिड़ंत में 7 वर्षीय सूर्यांश की दर्दनाक मौत, 8 घंटे तक चला चक्काजाम