छत्तीसगढ़ के कोरबा में मुर्गी चोरी के मामूली विवाद में एक युवक की डंडे से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई।
कोरबा (छत्तीसगढ़)। मुर्गी चोरी के मामूली शक और विवाद ने खूनी रूप ले लिया। पाली थाना क्षेत्र अंतर्गत जमनीमुड़ा गांव में एक पड़ोसी ने दूसरे पड़ोसी के सिर पर डंडे से जानलेवा हमला कर दिया, जिससे युवक की मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया है, जिसकी तलाश में पुलिस जुटी हुई है।
मुर्गी चोरी को लेकर हुआ विवाद
मिली जानकारी के अनुसार, जमनीमुड़ा गांव में आमने-सामने रहने वाले दो पड़ोसियों के बीच मुर्गी चोरी को लेकर विवाद शुरू हुआ था। आरोप-प्रत्यारोप के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि पड़ोसी नारायण सिंह कोरते ने तैश में आकर खुशाल सिंह कंवर के सिर पर डंडे से जोरदार वार कर दिया। हमले में खुशाल सिंह गंभीर रूप से घायल हो गया और सुबह तक उसकी मौत हो गई।
पुलिस अधिकारी ने दी मामले की जानकारी
"थाना क्षेत्र अंतर्गत जमनीमुड़ा ग्राम में आमने-सामने रहने वाले दो व्यक्तियों के बीच मुर्गी चोरी को लेकर विवाद हुआ था। इस दौरान नारायण सिंह कोरते नामक व्यक्ति ने खुशाल सिंह कंवर के सिर पर वार कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया, जिससे सुबह तक उसकी मृत्यु हो गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।"
आरोपी की तलाश जारी
वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी घटनास्थल से फरार हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव का पंचनामा कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस की टीमें फरार आरोपी की धरपकड़ के लिए लगातार दबिश दे रही हैं।
यह भी पढ़ें: जौनपुर में पत्नी ने साथ ले जाने के लिए मोबाइल टावर पर चढ़ा पति