मुंगेर के जमालपुर-भागलपुर रेलखंड पर नई सुरंग में करीब 35 वर्षीय अज्ञात युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई। शव के सिर पर चोट के निशान मिले हैं और वह सुरंग के किनारे बनी नाली में पड़ा था।
मुंगेर: जमालपुर-भागलपुर रेलखंड पर जमालपुर-रतनपुर स्टेशन के बीच स्थित रेलवे की नई सुरंग में मंगलवार को करीब 35 वर्षीय अज्ञात युवक का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सुरंग में शव पड़े होने की सूचना गैंगमैन उमेश कुमार ने स्टेशन प्रबंधक दीपक कुमार को दी। स्टेशन प्रबंधक ने तत्काल आरपीएफ और जीआरपी को इसकी जानकारी दी और कार्रवाई के लिए लिखित मेमो सौंपा। सूचना मिलते ही आरपीएफ तथा जीआरपी की टीम सुरंग पहुंची और घटनास्थल की जांच-पड़ताल की।
सिर पर चोट के निशान मिलने से मौत पर उठे सवाल
जांच के दौरान युवक के सिर में चोट के निशान मिले। शव सुरंग के किनारे बनी नाली में पड़ा था। शव की स्थिति को देखते हुए प्रथमदृष्टया मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। पुलिस को आशंका है कि युवक की मौत सामान्य रेल दुर्घटना में नहीं हुई है। सिर में चोट के निशान और शव के नाली में मिलने के कारण हत्या की आशंका भी जताई जा रही है। घटना रामनगर थाना क्षेत्र से जुड़ी होने के कारण आरपीएफ इंस्पेक्टर सुजीत कुमार यादव और जीआरपी थानाध्यक्ष स्वराज कुमार ने मामले में विस्तृत जानकारी देने से इनकार किया।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मौत की वजह होगी साफ
अधिकारियों ने बताया कि घटनास्थल रामनगर थाना क्षेत्र में आता है, इसलिए आगे की कार्रवाई स्थानीय पुलिस करेगी। वहीं, शव की पहचान अब तक नहीं हो सकी है। रामनगर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस युवक की पहचान कराने के साथ उसकी मौत के कारणों का पता लगाने में जुटी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा।
ये भी पढ़ें- आजमगढ़ में गैंगस्टर एक्ट के फरार आरोपी के घर पुलिस ने कराई मुनादी