ग्वालियर के गोला का मंदिर थाना क्षेत्र में बदमाशों ने बाईक सवार युवक छोटू राजावत की गोली मारकर हत्या कर दी। हत्या का यह मामला गैंगवार और मुखबिरी के संदेह से जुड़ा बताया जा रहा है।
ग्वालियर (मध्य प्रदेश)। ग्वालियर के गोला का मंदिर थाना क्षेत्र में बीती आधी रात को दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। बदमाशों ने बाईक से खींचकर एक युवक की गोलियों से भूनकर निर्मम हत्या कर दी। मृतक का नाम छोटू राजावत बताया जा रहा है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और मृतक के शव को अपनी निगरानी में लेकर पोस्टमार्टम हाउस पहुंचाया। पुलिस फिलहाल इस मामले में बदमाशों की तलाश में जुटी हुई है।
शराब पार्टी से घर लौट रहे थे दोस्त
मृतक छोटू राजावत अपने चार दोस्तों के साथ सिरोल से शराब पार्टी करके अपने घर वापस लौट रहा था। वह एक बाईक पर अपने दोस्त नितेश परमार के साथ बैठा हुआ था, जबकि दूसरी बाईक पर उसके तीन अन्य दोस्त सवार थे। एलएनआईपीई (LNIPE) के सामने रेसकोर्स रोड पर तीन बाईकों पर सवार होकर आए 8 से 9 हथियारों से लैस बदमाशों ने फिल्मी स्टाइल में छोटू की बाईक को घेर लिया। इसके बाद बदमाशों ने उसे बाईक से खींचकर सड़क पर उतार लिया और निशाना बनाकर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी।
गैंगवार और मुखबिरी का संदेह
प्राथमिक जानकारी के अनुसार, छोटू राजावत हत्याकांड गैंगवार से जुड़ा हुआ बताया जा रहा है। बदमाशों को संदेह था कि छोटू ने गैंगस्टर भोला सिकरवार मर्डर केस में मुखबिरी की थी। वारदात को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए। पुलिस ने इस मामले में राजवीर चौहान, रानू सिकरवार, हेमू सिकरवार, दिन्नू सिकरवार, अजीत तोमर व अन्य को आरोपी के रूप में चिह्नित किया है और उनकी गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है।
यह भी पढ़ें: बसपा ने मायावती के भतीजे इशान आनंद को बनाया नया राष्ट्रीय संयोजक