प्राइम न्यूज़ – एक कसम, राष्ट्र प्रथम
Breaking News

नेपाल में हुआ हिमस्खलन

नेपाल के मनांग जिले में हिमस्खलन, दो लोगों की मौत; 10 लापता

नेपाल के मनांग जिले में रविवार को हिमलुंग हिमाल चोटी पर हिमस्खलन हुआ, जिसमे दो लोगों की मौत हो गई और दस लोग अभी भी लापता हैं।

नेपाल के मनांग जिले में हिमस्खलन दो लोगों की मौत 10 लापता

representative image |

काठमांडू (नेपाल)। मनांग जिले में रविवार को हिमलुंग हिमाल चोटी पर हिमस्खलन की चपेट में आने से दो लोगों की मौत हो गई, जबकि 10 अन्य लापता हैं। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार, नार फू क्षेत्र में 7,126 मीटर ऊंची हिमलुंग हिमाल चोटी के आधार शिविर में आए हिमस्खलन से एक तंबू दब गया, जहां नौ पर्वतारोही और 13 सहयोगी कर्मचारी ठहरे हुए थे।

चोटी पर दो लोगों के शव मिले, 10 अब भी लापता

पुलिस उपाधीक्षक शैलेंद्र थापा के अनुसार, घटना के बाद करीब 12 लोग लापता हो गए थे। पुलिस ने बताया कि बाद में चोटी पर दो लोगों के शव मिले, जबकि 10 अन्य अब भी लापता हैं। थापा ने बताया कि लापता सभी लोग नेपाली नागरिक हैं। उन्होंने कहा कि बचाव अभियान के लिए घटनास्थल पर एक हेलीकॉप्टर भेजा गया है। हिमालयन हॉलीडेज नेपाल (एचएचएन) के एक अधिकारी के अनुसार, लापता लोग एचएचएन और इमेजिन नेपाल ट्रेक्स से जुड़े हैं। हिमस्खलन के बाद दोनों कंपनियों का अपने लोगों से संपर्क टूट गया।

लापता लोगों की कोई जानकारी नहीं

अधिकारी ने कहा, “अभियान दल के एक सदस्य ने फोन करके बताया कि हिमस्खलन के बाद उनके साथी लापता हो गए हैं।” अधिकारी के अनुसार, अभियान दल के सदस्य ने बताया कि घटना के बाद वे अलग-अलग हो गए और अन्य लोगों के बारे में कोई जानकारी नहीं है। समाचार पत्र ‘द काठमांडू पोस्ट’ की खबर के अनुसार, पर्यटन विभाग के महानिदेशक राम कृष्ण लामिछाने ने कहा कि अधिकारी स्थिति पर करीबी नजर रखे हुए हैं। नेपाल के पर्वतीय जिलों में लगातार बारिश और बर्फबारी के बीच यह घटना हुई है, जिसके कारण भूस्खलन और बाढ़ की घटनाएं भी सामने आई हैं। 

(इनपुटः भाषा)

यह भी पढ़ेंः 'श्री रामभूमि' में अशोक सिंघल का किरदार निभाना मेरे लिए सम्मान की बात: अनुपम खेर

Related to this topic: