दक्षिण अफ्रीका के डरबन के पास एक घर में आयोजित पार्टी के दौरान तीन हमलावरों ने गोलीबारी कर 11 लोगों की हत्या कर दी है, जबकि तीन अन्य लोग घायल हो गए हैं।
केप टाउन (दक्षिण अफ्रीका)। दक्षिण अफ्रीका में एक घर में आयोजित पार्टी के दौरान तीन हमलावरों ने कम से कम 11 लोगों की गोली मारकर हत्या कर दी है। पुलिस ने बुधवार को इस घटना की जानकारी देते हुए बताया कि यह गोलीबारी मंगलवार रात पूर्वी तट पर डरबन शहर से करीब 30 किलोमीटर दक्षिण में स्थित क्वामाखुथा शहर में हुई है। पुलिस के अनुसार, लोग एक घर में पार्टी के लिए जुटे हुए थे, तभी संदिग्ध वहां पहुंचे और उन्होंने अचानक अंधाधुंध गोलीबारी शुरू कर दी, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई।
गर्भवती महिला समेत 11 लोगों की मौत, तीन घायल
पुलिस ने एक आधिकारिक बयान जारी कर बताया कि इस भीषण गोलीबारी में मारे गए लोगों में एक महिला भी शामिल है, जो संभवतः गर्भवती थी। इसके अलावा इस खूनी संघर्ष और गोलीबारी में तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया है। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे इलाके को घेरकर जांच शुरू की। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि फरार चल रहे संदिग्ध हमलावरों की तलाश के लिए बड़े पैमाने पर तलाशी अभियान चलाया जा रहा है।
यह भी पढ़ें: नूंह में तेज रफ्तार ट्रक की टक्कर से चार लोगों की मौत, एक महिला गंभीर रूप से घायल