अमेरिकी एक्टिविस्ट जेक लैंग ने सिएटल में दिवाली समारोह में रुकावट डालने की कोशिश की। प्रदर्शनकारियों ने हिंदुओं के खिलाफ आपत्तिजनक नारे लिखे पोस्टर दिखाए।
सिएटल (वॉशिंगटन)। अमेरिका के सिएटल में दिवाली समारोह के दौरान कट्टर दक्षिणपंथी एक्टिविस्ट जेक लैंग ने कथित तौर पर कार्यक्रम में रुकावट डालने की कोशिश की। शनिवार को हुई इस घटना में लैंग और उनके साथ मौजूद प्रदर्शनकारियों के हाथों में हिंदुओं को निशाना बनाने वाले आपत्तिजनक संदेश लिखे पोस्टर थे। पोस्टरों पर "सभी डॉट हेड्स को डिपोर्ट करो" जैसे नारे लिखे थे। घटना के दौरान कुछ लोगों ने लैंग की फिजिकल चेकिंग भी की।
जेक लैंग ने सोशल मीडिया पर हिंदुओं के खिलाफ की टिप्पणी
घटना की तस्वीरें सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर साझा करते हुए जेक लैंग ने हिंदू समुदाय को निशाना बनाकर आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल किया। उन्होंने दावा किया कि डेमोक्रेट्स के लिए टेक्सास को नीला करने के पीछे हिंदू समुदाय जिम्मेदार था।
लैंग ने अपनी पोस्ट में लिखा, "हम पर सिएटल दिवाली फेस्टिवल में दर्जनों एंटीफा और हिंदुओं ने हमला किया!!!! मुझे लगता है कि उन्हें हमारा 'सभी डॉट हेड्स को डिपोर्ट करो' साइन पसंद नहीं आया!!! हिंदुओं ने टेक्सास को नीला कर दिया। '#$%' उन्हें।"
अमेरिकी कैपिटल हमले में शामिल रहे हैं जेक लैंग
जेक लैंग अपना 'व्हाइट रिप्लेसमेंट' नाम का संगठन चलाते हैं। वह 6 जनवरी 2021 को अमेरिकी कैपिटल पर हुए हमले में शामिल थे, जिसके लिए उन्हें चार साल जेल में बिताने पड़े। वर्ष 2025 में राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अपने दूसरे कार्यकाल के पहले दिन उन्हें माफी दे दी थी।

व्हाइट हाउस में भी मनाई गई दिवाली
सिएटल में हुए इस विवाद के दौरान अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप भी व्हाइट हाउस में दिवाली समारोह में शामिल हुए। उन्होंने भारतीय टेक उद्यमी विशाल गोंडल, शेफ विकास मेहता और अन्य लोगों के साथ त्योहार मनाया।
इस दौरान ट्रंप ने पारंपरिक दीया जलाने की रस्म में हिस्सा लिया। उन्हें उपहार के रूप में हनुमान चालीसा की एक प्रति भी भेंट की गई।
वॉशिंगटन के गवर्नर ने भारतीय समुदाय के साथ मनाई दिवाली
वॉशिंगटन स्टेट में गवर्नर बॉब फर्ग्यूसन ने भारत के कॉन्सुल जनरल और स्टेट सीनेटर मनका ढींगरा के साथ लेजिस्लेटिव बिल्डिंग में दिवाली मनाई। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर समारोह की तस्वीरें साझा करते हुए भारतीय-अमेरिकी समुदाय के योगदान की सराहना की।
फर्ग्यूसन ने अपनी पोस्ट में कहा कि इस सप्ताह लेजिस्लेटिव बिल्डिंग में भारत के कॉन्सुल जनरल और सीनेटर ढींगरा के साथ दिवाली का शानदार आयोजन किया गया। उन्होंने रविवार को वॉशिंगटन स्टेट में दिवाली को 'रोशनी का त्योहार' घोषित करने की भी जानकारी दी।

भारतीय-अमेरिकी समुदाय के योगदान को सराहा
गवर्नर बॉब फर्ग्यूसन ने कहा कि वॉशिंगटन स्टेट को देश के सबसे बड़े भारतीय-अमेरिकी समुदायों में से एक होने पर गर्व है। उन्होंने बताया कि पिछले दशक में राज्य में भारतीय-अमेरिकी आबादी में तेजी से वृद्धि हुई है।
उन्होंने कहा कि भारतीय-अमेरिकी समुदाय ने वॉशिंगटन स्टेट के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। ओलंपिया स्थित वॉशिंगटन स्टेट कैपिटल में भी दिवाली समारोह आयोजित किया गया, जिसमें स्टेट सीनेटर मनका ढींगरा शामिल हुईं। इस दौरान नेताओं ने भारतीय-अमेरिकी समुदाय की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और योगदान को सराहा।
शिकागो के पास हिंदू मंदिर को निशाना बनाने की साजिश का भी मामला
सिएटल में दिवाली समारोह में व्यवधान की यह घटना ऐसे समय सामने आई है, जब कुछ दिन पहले शिकागो के पास एक हिंदू मंदिर को निशाना बनाने की कथित साजिश का मामला सामने आया था।
हिंदू मंदिर में सामूहिक गोलीबारी की धमकी की जांच के बाद 19 वर्षीय संदिग्ध एलेक्जेंड्रोस पापोरकिस को गिरफ्तार किया गया था। उस पर हिंदू मंदिर में सामूहिक गोलीबारी की कथित योजना बनाने का आरोप है। जानकारी के मुताबिक, संदिग्ध नाजी विचारधारा से प्रभावित था और उसने मंदिर में हमले की योजना का खाका तैयार किया था। (Source: ANI)
यह भी पढ़ें: ओडिशा के सिमिलिपाल टाइगर रिजर्व में मिली बिच्छू की नई प्रजाति, लियोचेल्स सिमिलिपलेंसिस रखा गया नाम