पीएम मोदी ने सेशेल्स के राष्ट्रपति पैट्रिक हर्मिनी के साथ प्रतिनिधिमंडल स्तर की वार्ता की। भारत ने सेशेल्स को समुद्री सुरक्षा मजबूत करने के लिए 'मेड इन इंडिया' फास्ट पेट्रोल वेसल पीएस लेस्पवार सौंपा।
विक्टोरिया (सेशेल्स): प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पूर्वी अफ्रीकी द्वीप राष्ट्र सेशेल्स की अपनी तीन दिवसीय राजकीय यात्रा के तहत रविवार को राष्ट्रपति पैट्रिक हर्मिनी के साथ उच्च स्तरीय प्रतिनिधिमंडल स्तर की वार्ता की। इस बैठक का मुख्य उद्देश्य दोनों देशों के बीच दीर्घकालिक द्विपक्षीय और रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करना है। इस महत्वपूर्ण वार्ता के दौरान भारत के विदेश मंत्री एस जयशंकर, राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (NSA) अजीत डोवाल और विदेश सचिव विक्रम मिसरी भी मौजूद रहे। इससे पहले, स्टेट हाउस आगमन पर पीएम मोदी को 'गार्ड ऑफ ऑनर' दिया गया।
सोमवार को स्वर्ण जयंती समारोह में होंगे विशिष्ट अतिथि
शनिवार को राजधानी विक्टोरिया पहुंचने पर राष्ट्रपति हर्मिनी और कैबिनेट मंत्रियों ने स्वयं हवाई अड्डे पर पीएम मोदी का स्वागत किया। इस दौरान गुजरात के कच्छ क्षेत्र के पारंपरिक नृत्य सहित शानदार सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गईं। प्रधानमंत्री मोदी सोमवार को सेशेल्स के स्वर्ण जयंती राष्ट्रीय दिवस समारोह (यूनाइटेड किंगडम से स्वतंत्रता के 50 वर्ष) में विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल होंगे। यात्रा के पहले दिन पीएम मोदी ने सेशेल्स राष्ट्रीय वनस्पति उद्यान का भी दौरा किया।
हिंद महासागर में रणनीतिक साझेदारी
मैरीटाइम सुरक्षा और विशिष्ट आर्थिक क्षेत्र की गश्ती क्षमताओं को बढ़ाने के लिए पीएम मोदी ने सेशेल्स को कई सुरक्षा और उपयोगिता उपकरण सौंपे। पीएम मोदी ने गोवा शिपयार्ड लिमिटेड निर्मित 'मेड इन इंडिया' फास्ट पेट्रोल वेसल 'पीएस लेस्पवार', 6 एंबुलेंस और 10 यूटिलिटी वाहन के अलावा 5 लेजर-रेडियल नौकाएं सौंपीं।
हिंद महासागर क्षेत्र में मजबूत होती रणनीतिक और सुरक्षा साझेदारी
इस संबंध में विदेश मंत्रालय ने कहा है कि यह पहल दोनों देशों के बीच विशेष रूप से हिंद महासागर क्षेत्र में लगातार मजबूत होती रणनीतिक और सुरक्षा साझेदारी को दर्शाती है।