रिपोर्ट्स के मुताबिक, ISIS के खिलाफ 12 साल से जारी अमेरिकी सैन्य मौजूदगी अब खत्म होने जा रही है। अमेरिकी सैनिकों की वापसी 30 सितंबर तक पूरी होने की उम्मीद है।
वॉशिंगटन डीसी (अमेरिका)। अमेरिकी सेना इराक से अपनी सैन्य वापसी पूरी करने की तैयारी में है। ABC न्यूज की रिपोर्ट के मुताबिक, बुधवार को होने वाली संभावित वापसी के साथ इराक में अमेरिकी सेना की करीब 12 साल से जारी मौजूदगी समाप्त हो सकती है। यह वापसी 2024 में अमेरिका और इराक के बीच बनी योजना के तहत हो रही है, जिसे ट्रंप प्रशासन ने भी आगे बढ़ाया। अमेरिकी सैनिकों की वापसी ऐसे समय में हो रही है, जब क्षेत्र में सुरक्षा हालात और ISIS के खिलाफ अभियान को लेकर नई रणनीति पर काम किया जा रहा है।
बाइडेन प्रशासन ने 2024 में इराक के साथ तय की थी वापसी की योजना
इस वापसी की योजना पर बाइडेन प्रशासन ने 2024 में इराक के साथ बातचीत की थी और इसके लिए 30 सितंबर की आखिरी तारीख तय की गई थी। ट्रंप प्रशासन ने भी इस योजना को लागू करना जारी रखा।
ISIS के कब्जे के बाद 2014 में इराक लौटी थी अमेरिकी सेना
अमेरिकी सैनिक पहली बार 2011 में इराक से निकले थे, जब 2003 में अमेरिका के हमले के बाद वे वहां आठ साल तक मौजूद रहे थे। वे 2014 में तब वापस लौटे जब ISIS ने इराक और सीरिया के बड़े हिस्सों पर कब्ज़ा कर लिया और बगदाद तक पहुँचने की धमकी दी। ABC न्यूज की रिपोर्ट के मुताबिक, हालांकि अमेरिका के नेतृत्व वाले अभियान ने 2019 में ISIS को सैन्य रूप से हरा दिया था, लेकिन अमेरिकी सेना इस समूह को फिर से उभरने से रोकने में मदद के लिए इराक में बनी रही।
उत्तरी इराक में अमेरिकी मौजूदगी हुई सीमित
हाल के महीनों में, अमेरिकी सेना ने उत्तरी इराक में अपनी स्थिति मजबूत की थी और एरबिल में अपनी मौजूदगी कम कर दी थी। ABC न्यूज ने बताया कि अंतिम वापसी से पहले उत्तरी इराक में अमेरिकी मौजूदगी बहुत कम रह गई थी। यह वापसी ईरान के साथ अमेरिका के युद्ध के बाद बदले हुए क्षेत्रीय सुरक्षा माहौल के बीच हो रही है। इराक के ईरान के साथ लंबे समय से राजनीतिक, सांस्कृतिक और सैन्य संबंध रहे हैं, जिसमें देश के भीतर काम कर रहे शिया मिलिशिया समूहों को ईरान का समर्थन मिलना भी शामिल है।
इराक से बाकी अमेरिकी सेना के जॉर्डन जाने की रिपोर्ट
इस बीच, वॉशिंगटन पोस्ट ने रिपोर्ट दी है कि बाकी अमेरिकी सेना जॉर्डन जा रही है, जहाँ इस्लामिक स्टेट के आतंकवादियों के खिलाफ चल रहे मिशन का मुख्यालय होगा। पेंटागन का कहना है कि जॉर्डन से काम कर रही सेना उन आतंकवादियों को निशाना बना सकती है जो अमेरिकी कर्मियों और हितों के लिए खतरा पैदा करते हैं।
वापसी से पहले इराक में करीब 1,500 अमेरिकी और गठबंधन कर्मी मौजूद
अखबार ने बताया कि 30 सितंबर की समय-सीमा से पहले सेना को एक जगह इकट्ठा किए जाने के दौरान, हाल ही में लगभग 1,500 अमेरिकी कर्मी और ISIS-विरोधी गठबंधन के सदस्य इराक में मौजूद थे।
ईरान समर्थित मिलिशिया के हथियार छोड़ने पर बना हुआ है गतिरोध
यह वापसी ऐसे समय में हो रही है जब इराक सरकार के पूर्ण नियंत्रण से बाहर काम करने वाले सशस्त्र समूहों की भूमिका से निपटने की कोशिश कर रहा है। वॉशिंगटन पोस्ट की रिपोर्ट के मुताबिक, ईरान समर्थित मिलिशिया ने हथियार छोड़ने की मांगों को मानने से इनकार कर दिया है, और उनके हथियार छोड़ने की समय-सीमा जून 2027 तक बढ़ा दी गई है।
अमेरिकी सैन्य मौजूदगी खत्म होने पर इराक मनाएगा संप्रभुता दिवस
अल जज़ीरा की रिपोर्ट के अनुसार, इराक अमेरिकी सेना की वापसी के मौके पर चार संप्रभुता दिवस (Sovereignty Days) मनाएगा। यह एक राष्ट्रीय अवकाश होगा जो अमेरिकी सैन्य मौजूदगी के खत्म होने के महत्व को उजागर करेगा।
प्रधानमंत्री ने अमेरिकी वापसी को राज्य के अधिकार से जोड़ा
रिपोर्ट में बताया गया है कि प्रधानमंत्री अली अल-जैदी ने इस वापसी को राज्य के अधिकार को मजबूत करने की कोशिशों से जोड़ा है, जिसमें जून 2027 तक मिलिशिया से हथियार वापस लेने की योजना भी शामिल है। पिछले हफ्ते संयुक्त राष्ट्र महासभा में बोलते हुए, अल-जैदी ने कहा कि उनकी सरकार "यह सुनिश्चित करने की कोशिश कर रही है कि शांति और युद्ध के मामलों में राज्य ही अंतिम निर्णय लेने वाला हो"।
अमेरिकी सेना दूसरी बार इराक से अपनी सैन्य मौजूदगी खत्म करेगी
एबीसी न्यूज की रिपोर्ट के मुताबिक, बुधवार को होने वाली संभावित वापसी के साथ, अमेरिका दूसरी बार इराक में अपनी सैन्य मौजूदगी खत्म करेगा। (Source: ANI)
यह भी पढ़ें: शेरघाटी में युवक-युवती को घेरकर बदसलूकी का आरोप, दो गिरफ्तार