अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि ईरान युद्ध अब खत्म होने के करीब है। दोनों देशों के बीच सुलह की उम्मीदों से कच्चा तेल टूटकर प्रति बैरल $95 के पास आ गया तो दुनिया भर के बाजारों में रौनक छा गई
मुंबई। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि ईरान युद्ध अब खत्म होने के करीब है। ट्रम्प ने एक इंटरव्यू में कहा कि ईरान समझौते के लिए उत्सुक है। साथ ही उन्होंने अमेरिका और ईरान के बीच बातचीत फिर से शुरू होने का संकेत दिया। अमेरिका और ईरान के बीच तनाव कम होने की उम्मीद ने बुधवार को भारतीय शेयर बाजार में जबरदस्त जोश भर दिया।
कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट से बाजार को मिला सहारा
दोनों देशों के बीच सुलह की उम्मीदों से कच्चा तेल टूटकर प्रति बैरल $95 के पास आ गया तो दुनिया भर के बाजारों में रौनक छा गई। सभी मार्केट को आज हर सेक्टर से अच्छा सपोर्ट मिला। इससे भारतीय शेयर बाजार में खरीदारी का एक नया दौर शुरू हुआ। इससे बेंचमार्क इंडेक्स 1.5 फीसदी से ज्यादा ऊपर चढ़कर बंद हुए। शेयर मार्केट की अस्थिरता को मापने वाला इंडिया विक्स करीब 10% गिररकर 18.57 पर आ गया। इससे नियर टर्म में अनिश्चितता के कम होने और निवेशकों के रिस्क लेने की क्षमता में सुधार का संकेत मिल रहा है।
सेंसेक्स 1,264 अंक उछला, निफ्टी 24,231.30 पर हुआ बंद
बुधवार को कारोबार के अंत में बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज का प्रमुख सूचकांक सेंसेक्स 1,264 अंक, या 1.64 फीसदी बढ़कर 78,111.24 पर बंद हुआ, जबकि निफ्टी 50 389 अंक, या 1.63 फीसदी उछलकर 24,231.30 पर बंद हुआ। निफ्टी मिडकैप 100 और स्मॉलकैप 100 इंडेक्स 2 फीसदी से ज्यादा ऊपर चढ़े।
डॉलर के मुकाबले रुपया हुआ कमजोर
भारतीय रुपया बुधवार को 93.17 प्रति डॉलर पर खुला। पूरे दिन रुपया (INR) अमेरिकी डॉलर ($) के मुकाबले रिकॉर्ड निचले स्तर के करीब, ₹93.09 - ₹93.32 के दायरे में कारोबार करता नजर आया।
क्रूड ऑयल की कीमतों में आई नरमी
ट्रम्प के बयान के बाद बुधवार को Brent क्रूड में गिरावट आयी। यह 95 डॉलर प्रति बैरल के करीब ट्रेड करने लगा। इससे बाजार का मूड बेहतर हुआ। इस दौरान Brent क्रूड वायदा लगभग 0.40 फीसदी गिरकर 94 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया था। US WTI क्रूड 1 फीसदी से ज्यादा गिरकर 90 डॉलर पर आ गया।
निवेशकों की संपत्ति में भारी बढ़ोतरी
बुधवार की तेजी से निवेशकों की पूंजी ₹911,628.78 करोड़ बढ़ गई है। BSE पर लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैप कारोबार बंद होने पर ₹4,58,25,183.95 करोड़ पर पहुंच गया। 13 अप्रैल 2026 को बीएसई पर लिस्टेड सभी शेयरों का कुल मार्केट कैप ₹4,49,13,555.17 करोड़ था।
बाजार में चौतरफा खरीदारी का माहौल
बीएसई पर आज 4513 शेयरों की ट्रेडिंग हुई। इसमें 3585 शेयरों में तेजी दिखी तो 802 में गिरावट रही। इसके अलावा 126 शेयरों में कोई बदलाव नहीं हुआ। इसके अलावा 162 शेयर एक साल के हाई और 35 शेयर एक साल के निचले स्तर पर आ गए। वहीं 14 शेयर अपर सर्किट पर पहुंच गए तो 9 शेयर लोअर सर्किट पर आ गए।
ज्यादातर शेयरों में तेजी, चुनिंदा में गिरावट
स्टॉक मार्केट में तेजी का ये आलम था कि आज सेंसेक्स के 30 शेयरों में से 28 शेयर चढ़कर बंद हुए। सबसे अधिक तेजी इंडिगो, जोमैटो की इटरनल और पावरग्रिड में रही। वहीं दूसरी तरफ सिर्फ एयरटेल और आईसीआईसीआई बैंक ही आज गिरावट के साथ बंद हुए।
यह भी पढ़ें: https://www.primenewsnetwork.in/world/lavrov-meets-xi-in-beijing-criticizes-western-nations-on-iran-issue/174603
बीजिंग में शी जिन्पिंग से मिले रूसी विदेशमंत्री सर्गेई लावरोव, की पश्चिमी देशों की आलोचना