वैश्विक संकेतों और भारत अमेरिका ट्रेड डील से उत्साहित भारतीय शेयर बाजार में सप्ताह के पहले कारोबारी दिन सोमवार को शुरुआती गिरावट के बाद भारी तेजी देखने को मिली।
मुंबई। वैश्विक संकेतों और भारत अमेरिका ट्रेड डील से उत्साहित भारतीय शेयर बाजार में सप्ताह के पहले कारोबारी दिन सोमवार को शुरुआती गिरावट के बाद भारी तेजी देखने को मिली। लगातार दो दिनों की गिरावट के बाद बाजार की शुरुआत लाल निशान में सपाट हुई थी। बाजार खुलने पर निफ्टी 25,400 के नीचे फिसल गया था। लेकिन फिर दोपहर बाद तेजी लौटी तो पहले ही घंटे में खरीदारी का जोर बढ़ा और बाजार ने तेजी से रिकवरी की जिससे बाजार नयी ऊंचाई छूता नजर आया।
सेंसेक्स-निफ्टी की मजबूत क्लोजिंग
शेयर बाजार में कारोबार बंद होने पर सेंसेक्स में 650 अंकों से ज्यादा की तेजी आई। वहीं निफ्टी 25,650 के ऊपर बंद हुआ। अंत में सेंसेक्स 650.39 अंक यानी 0.79 प्रतिशत की बढ़त के साथ 83,277.15 पर बंद हुआ। वहीं निफ्टी 211.65 अंक यानी 0.83 प्रतिशत चढ़कर 25,682.75 पर बंद हुआ।
रुपये में स्थिरता, सीमित दायरे में कारोबार
मुद्रा बाजार में भारतीय रुपया सोमवार को अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 90.66 (प्रोविजनल) पर बिना किसी बदलाव के बंद हुआ। इंटरबैंक फॉरेन एक्सचेंज मार्केट में, रुपया अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 90.63 पर खुला और सेशन के दौरान 90.61 के इंट्राडे हाई और 90.72 के लो के बीच घूमता रहा। घरेलू यूनिट ने सेशन को अपने पिछले क्लोजिंग लेवल 90.66 (प्रोविजनल) पर बंद किया। शुक्रवार को, रुपया अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 5 पैसे गिरकर 90.66 पर बंद हुआ था।
पावर और बैंकिंग शेयरों में जोरदार खरीदारी
शेयर मार्केट में देशी और विदेशी संस्थागत निवेशकों के समर्थन के कारण दिनभर खरीदारी का रुझान बना रहा। खासकर पावर, एनर्जी, रियल्टी और फाइनेंशियल शेयरों में मजबूत खरीदारी देखने को मिली। इसी के दम पर निफ्टी 25,700 के करीब तक पहुंच गया और अंत में दिन के ऊपरी स्तरों के पास बंद हुआ।
मिडकैप में सुस्ती, सेक्टोरल इंडेक्स में मिलाजुला रुख
कारोबार के दौरान आज हैवीवेट शेयरों के मुकाबले मिडकैप में सुस्ती दिखी। निफ्टी मिडकैप इंडेक्स करीब 0.5 प्रतिशत चढ़ा। वहीं स्मॉलकैप इंडेक्स लगभग सपाट बंद हुआ। वहीं सेक्टोरल इंडेक्स की बात करें तो पावर, पीएसयू बैंक, रियल्टी, प्राइवेट बैंक, इंफ्रा, कैपिटल गुड्स और एनर्जी शेयरों में 1 से 2 प्रतिशत तक की बढ़त दर्ज की गई। दूसरी ओर मीडिया और ऑटो इंडेक्स में 0.5 से 1 प्रतिशत तक की गिरावट देखने को मिली।
निवेशकों की संपत्ति में 3 लाख करोड़ की बढ़ोतरी
शेयर मार्केट में आज की तेजी से एक ही सेशन में इन्वेस्टर्स को लगभग 3 लाख करोड़ रुपए का फायदा हुआ। बीएसई में लिस्टेड कंपनियों का कुल मार्केट कैपिटलाइजेशन आज बढ़कर 468.47 लाख करोड़ रुपये पर पहुंच गया, जो इसके पिछले कारोबारी दिन 465.46 लाख करोड़ रुपये रहा था। इस तरह BSE में लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैप आज करीब 3.01 लाख करोड़ रुपये बढ़ा है।
पावर ग्रिड सबसे आगे, टेक महिंद्रा फिसला
बीएसई में सूचीबद्ध सेंसेक्स के 30 में से 20 शेयर आज हरे निशान में यानी बढ़त के साथ बंद हुए। इसमें पावर ग्रिड के शेयरों में 4.45 फीसदी की सबसे अधिक तेजी रही। इसके बाद एचडीएफसी बैंक, एक्सिस बैंक, एनटीपीसी और आईटीसी के शेयर 1.39 फीसदी से लेकर 2.19 फीसदी की बढ़त के साथ बंद हुए। सेंसेक्स में सूचीबद्ध शेष 10 शेयर लाल निशान में बंद हुए। इसमें भी टेक महिंद्रा का शेयर 1.44 फीसदी की गिरावट के साथ टॉप लूजर्स रहा। वहीं, क्वालिटी वॉल्स, मारुति सुजुकी, बजाज फाइनेंस, ट्रेंट के शेयरों में 0.78 फीसदी से लेकर 1.30 फीसदी तक की गिरावट रही।
यह भी पढ़ें: https://www.primenewsnetwork.in/state/humayun-kabir-demands-release-of-36-arrested-in-beldanga-incident/143939
जेयूपी सुप्रमो हूमायूं कबीर का 22 फरवरी को बेलडांगा ठप करने का ऐलान