प्राइम न्यूज़ – एक कसम, राष्ट्र प्रथम
Breaking News

Nvidia CEO पर चीनी जासूस से संबंध

विदेशी जासूसी जांच के घेरे में Nvidia CEO जेनसेन हुआंग, टूटा शेयर; ट्रंप बोले- वे सम्मानित इंसान

चीन की जासूस से संबंधों के आरोपों के बीच Nvidia CEO जेनसेन हुआंग पर आंतरिक जांच जारी, आउट-ऑफ-आवर्स ट्रेडिंग में कंपनी का शेयर 5.75% टूटा।

विदेशी जासूसी जांच के घेरे में nvidia ceo जेनसेन हुआंग टूटा शेयर ट्रंप बोले- वे सम्मानित इंसान

Representative Image (File Photo) |

नई दिल्ली। दुनिया की सबसे बड़ी सेमीकंडक्टर और कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) कंपनी एनवीडिया (Nvidia) के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) जेनसेन हुआंग के विदेशी खुफिया एजेंसी के निशाने पर आने की खबरों से हड़कंप मच गया है। रॉयटर्स के अनुसार, इस खबर के सामने आते ही सोमवार को आउट-ऑफ-आवर्स ट्रेडिंग के दौरान एनवीडिया के शेयरों में 5 प्रतिशत से ज्यादा की भारी गिरावट दर्ज की गई।

कंपनी के शेयरों में भारी गिरावट

कारोबार के दौरान हाइपरलिक्विड (Hyperliquid) प्लेटफॉर्म पर परपेचुअल फ्यूचर्स और ब्लू ओशन अल्टरनेटिव ट्रेडिंग सिस्टम (BOATS) में एनवीडिया के शेयर का भाव घटकर लगभग 175.97 डॉलर पर आ गया। यह शुक्रवार को नैस्डैक (Nasdaq) के बंद भाव 186.64 डॉलर की तुलना में 10.74 डॉलर यानी 5.75 फीसदी की सीधी गिरावट है।

डेटा सेंटर और AI विस्तार पर असर की आशंका

ग्लोबल लेवल पर एआई चिप्स, सेमीकंडक्टर और डेटा सेंटर के बाजार में एनवीडिया का दबदबा है। ऐसे वक्त में नेतृत्व पर खड़े हुए इन सवालों ने वैश्विक टेक सेक्टर और निवेशकों की चिंता बढ़ा दी है।

चीनी बिजनेसवुमन और आंतरिक कॉर्पोरेट समीक्षा

एनवीडिया ने रविवार को अपने स्तर पर आंतरिक समीक्षा शुरू की है। रिपोर्ट्स में दावा किया गया है कि हुआंग के संबंध सिंगापुर की कंपनी 'मेगास्पीड' की एक पूर्व महिला कार्यकारी से थे, जिसे अमेरिकी अधिकारियों ने चीनी खुफिया एसेट के रूप में चिन्हित किया है। आरोप है कि इस महिला ने बीजिंग को संवेदनशील जानकारी पहुंचाई। हुआंग ने कथित तौर पर कर्मचारियों से स्वीकार किया कि वे अपनी पत्नी के प्रति वफादार नहीं रहे, हालांकि उन्होंने विस्तृत विवरण नहीं दिया।

बाजार में अनिश्चितता लेकिन नेतृत्व बदलाव की उम्मीद कम

मेलबर्न स्थित ब्रोकरेज फर्म पेपरस्टोन के रिसर्च हेड क्रिस वेस्टन का कहना है कि जब डेटा सेंटर निर्माण को लेकर पहले से कई कयास लग रहे हों, तब ऐसे विवाद शेयर के लिए बिल्कुल भी ठीक नहीं हैं। हालांकि वेस्टन ने यह भी जोड़ा, "अगर बाजार को वाकई लगता कि हुआंग पद छोड़ देंगे, तो शेयर में गिरावट नहीं बल्कि भारी तबाही (ब्लडबाथ) मच जाती।"

विदेशी दौरे रद्द और दिग्गजों की प्रतिक्रियाएं

इस विवाद का असर कंपनी के वैश्विक परिचालन पर भी दिखने लगा है। हुआंग की बेटी और एनवीडिया की एग्जीक्यूटिव मैडिसन हुआंग ने अपरिहार्य आंतरिक कारणों का हवाला देते हुए दक्षिण कोरियाई टेक कंपनियों के साथ अपनी सभी बैठकें रद्द कर दीं।

पर्सिंग स्क्वायर के संस्थापक बिल एकमैन ने चिंता जताते हुए कहा, "मुझे उम्मीद है कि यह महज एक निजी अफेयर का मामला होगा, न कि राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए कोई खतरा।" वहीं टेस्ला के सीईओ एलन मस्क ने सिकोइया पार्टनर शॉन मैगुायर के बयान का समर्थन किया, जिसमें मैगुायर ने कहा था कि हुआंग ने भले ही बेवकूफी भरी हरकत की हो, लेकिन अमेरिका के एआई नेतृत्व के लिए उनकी जगह कोई नहीं ले सकता।

डोनाल्ड ट्रंप ने किया समर्थन, कहा- वे सम्मानित व्यक्ति हैं

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने रविवार को स्पष्ट किया कि उन्होंने इस मुद्दे पर हुआंग से सीधी बात नहीं की है। ट्रंप ने कहा, "वह एक सम्मानित व्यक्ति हैं और उनका पेशेवर रिकॉर्ड शानदार रहा है। मुझे नहीं लगता कि तुरंत किसी कार्रवाई की जरूरत है, हमें पहले उनका पक्ष सुनना चाहिए।"

सप्लाई चेन और जीपीयू डिलीवरी पर स्थिति

बाजार विशेषज्ञों ने चेतावनी दी है कि लंबी जांच से भविष्य के सेमीकंडक्टर निवेश और क्षेत्रीय शिपमेंट में प्रशासनिक देरी हो सकती है। हालांकि, दक्षिण कोरिया के उप विज्ञान मंत्री ने पुष्टि की है कि एनवीडिया से होने वाली ग्राफिक्स प्रोसेसिंग यूनिट्स (GPUs) की तय डिलीवरी पर इसका कोई असर नहीं पड़ा है।
(इनपुट: ANI)

यह भी पढ़ें: सुरक्षित उत्पादों के साथ तेज रफ्तार से आगे बढ़ेगा एआई उद्योग, जनसंहार के दावों का हुआ खंडन

Related to this topic: