तमिलनाडु के तिरुचिरापल्ली जिले में दिवाली की देर रात 17 साल के दो लड़कों की हत्या का मामला सामने आया है।
तिरुचिरापल्ली: तमिलनाडु के तिरुचिरापल्ली जिले में दिवाली की देर रात 17 साल के दो लड़कों की हत्या का मामला सामने आया है। अधिकारियों के मुताबिक, समयपुरम के पास अज्ञात हमलावरों ने दोनों पर धारदार हथियारों से हमला कर दिया। इस हमले में दोनों की मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में शोक और दहशत का माहौल है। मरने वालों की पहचान इनाम समयपुरम के रहने वाले राहुल (17) और विशाल (17) के रूप में हुई है। विशाल राजा का बेटा था। राहुल के माता-पिता की पहले ही मौत हो चुकी थी और वह अपने एक रिश्तेदार के घर रह रहा था। दोनों दिहाड़ी मजदूर के तौर पर काम करते थे।
नहर किनारे टहल रहे थे दोनों किशोर
पुलिस के मुताबिक, घटना रात करीब 11:30 बजे की है। दोनों लड़के समयपुरम टोल प्लाजा के पास धनलक्ष्मी श्रीनिवासन यूनिवर्सिटी कैंपस के नजदीक पुलंबडी नहर के किनारे टहल रहे थे। इसी दौरान कथित तौर पर अज्ञात हमलावरों के एक समूह ने उन्हें रोक लिया और जानलेवा हथियारों से हमला कर दिया। हमले में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। विशाल के चेहरे पर गंभीर चोटें आईं, जबकि राहुल की गर्दन और सिर पर गहरे घाव लगे।
अस्पताल ले जाते समय राहुल ने तोड़ा दम
घटना को देखकर राहगीरों ने तुरंत समयपुरम पुलिस को सूचना दी। इंस्पेक्टर गुणसेकरन और अन्य पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने विशाल को घटनास्थल पर मृत पाया, जबकि गंभीर रूप से घायल राहुल की अस्पताल ले जाते समय मौत हो गई। पुलिस ने दोनों के शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए तिरुचिरापल्ली गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिए। तिरुचिरापल्ली जिले के पुलिस अधीक्षक डोंगरे प्रवीण उमेश ने घटनास्थल का दौरा कर मामले की जानकारी ली। फॉरेंसिक विशेषज्ञों ने मौके से सबूत जुटाए हैं। वहीं, पुलिस आसपास के इलाकों में लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर दोहरे हत्याकांड की जांच के लिए 3 विशेष पुलिस टीमें बनाई गई हैं।
पुरानी रंजिश समेत कई पहलुओं से जांच जारी
पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि दोनों किशोरों की हत्या के पीछे पुरानी दुश्मनी या बदले की भावना तो वजह नहीं थी। इसके अलावा हमले के पीछे का मकसद और वारदात में शामिल लोगों की संख्या का पता लगाने की कोशिश की जा रही है। समयपुरम पुलिस थाना क्षेत्र में दिवाली की रात हुई इस दोहरी हत्या से पूरे इलाके में सदमे और दुख का माहौल है।
(ANI)
ये भी पढ़ें: इज़राइल में सत्ता परिवर्तन की तैयारी तेज, गादी आइज़ेनकोट को राष्ट्रपति हर्ज़ोग ने सरकार बनाने का सौंपा जिम्मा