अमेरिका और ईरान के बीच समझौते की उम्मीद बढ़ने से दुनिया भर में कच्चे तेल की कीमतों में नरमी देखने को मिली है।
मुंबई। अमेरिका और ईरान के बीच समझौते की उम्मीद बढ़ने से दुनिया भर में कच्चे तेल की कीमतों में नरमी देखने को मिली है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में ब्रेंट क्रूड 105 डॉलर प्रति बैरल के नीचे फिसल गया जिससे भारतीय रुपये में आज मजबूती नजर आयी। इन सकारात्मक इंडिकेटरों की वजह से भारतीय शेयर बाजार में शुरूआती कारोबार के दौरान जबरदस्त उत्साह देखने को मिला।
शानदार तेजी के बाद अचानक हावी हुई मुनाफावसूली
आज गुरुवार सुबह सेंसेक्स 627 अंक चढ़कर 75,945 के स्तर तक पहुंच गया था, जबकि निफ्टी 23,859 तक निकल गया था। लेकिन शानदार शुरुआती तेजी के बाद बाजार में अचानक बिकवाली हावी हो गई और निचले स्तर से मुनाफावसूली के कारण दोपहर 12:30 बजे तक बाजार का पूरा सेंटीमेंट बदल गया और सेंसेक्स करीब 750 अंक टूटकर लाल निशान में आ गया। निफ्टी भी 23,650 के आसपास फिसल गया।
सेंसेक्स 135 अंक टूटा, निफ्टी 23654 पर बंद हुआ
कारोबार के अंत में सेंसेक्स 135.03 अंक यानी 0.18 फीसदी की गिरावट के साथ 75,183.36 के स्तर पर बंद हुआ। वहीं निफ्टी 50 (Nifty 50) 4.30 प्वाइंट्स यानी 0.02% की मामूली गिरावट के साथ 23,654.70 पर बंद हुआ है। निफ्टी मिडकैप 50 मार्केट बंद होने तक 45 अंकों की गिरावट के साथ 17,454.10 अंक पर बंद हुआ। शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स 627.40 प्वाइंट्स उछलकर 75,945.79 तक चढ़ गया था जिससे यह 949.01 प्वाइंट्स टूटकर 74,996.78 तक आ गया तो निफ्टी 50 भी 200.9 प्वाइंट्स उछलकर 23,859.90 तक पहुंचा था जिससे यह 264.30 प्वाइंट्स गिरकर 23,596.60 तक आ गया।
डॉलर के मुकाबले रुपये ने लगाई 40 पैसे की शानदार छलांग
मुद्रा बाजार में भारतीय रुपये ने आज शानदार वापसी की। रुपया अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 40 पैसे से ज्यादा मजबूत हुआ। रुपये में लगातार 9 दिन से आ रही गिरावट आज थम गई। डॉलर के मुकाबले रुपया 0.6% मजबूत होकर 96.20 पर बंद हुआ। पिछले सत्र में यह डॉलर के मुकाबले रुपया 96.82 के ऑल टाइम लो पर बंद हुआ था। हाल के दिनों में लगातार दबाव झेल रहे रुपये के लिए यह बड़ी राहत मानी जा रही है। माना जा रहा है कि आरबीआई के हस्तक्षेप के कारण रुपया मजबूत हुआ है। ईरान युद्ध शुरू होने के बाद से रुपये में करीब 6 फीसदी गिरावट आई थी। करेंसी मार्केट में आई इस मजबूती ने कुछ हद तक निवेशकों का भरोसा बढ़ाया है।
सेक्टोरल प्रदर्शन मिला-जुला, कुछ इंडेक्स हरे तो कुछ लाल
सेक्टरों के आधार पर देखें तो आज इसका प्रदर्शन मिला जुला रहा। निफ्टी रियल्टी में 1 फीसदी से ज्यादा की बढ़त दर्ज की गई। इसके अलावा निफ्टी ऑटो, मेटल, फार्मा, PSU बैंक, ऑयल एंड गैस और हेल्थकेयर इंडेक्स भी हरे निशान पर बंद हुए। दूसरी तरफ निफ्टी FMCG, IT, मीडिया और प्राइवेट बैंक इंडेक्स में कमजोरी देखी गई। मार्केट पर आज एफएमसीजी और आईटी ने दबाव बनाने की कोशिश की जिनके निफ्टी इंडेक्स में आज आधे-आधे से अधिक की गिरावट रही।
निवेशकों की संपत्ति में ₹1.64 लाख करोड़ बढ़ोतरी
शेयर बाजार में गिरावट के बावजूद निवेशकों की दौलत में डेढ़ लाख करोड़ रुपये से अधिक का इजाफा हुआ है। बीएसई पर लिस्टेड सभी शेयरों का कुल मार्केट कैप आज बढ़कर ₹4,62,08,468.83 करोड़ के स्तर पर पहुंच गया। बुधवार को बीएसई पर लिस्टेड सभी शेयरों का कुल मार्केट कैप ₹4,60,44,252.204 करोड़ था। इस प्रकार मार्केट की इस रस्साकसी में ओवरऑल BSE पर लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैप आज ₹1.64 लाख करोड़ बढ़ गया।
2426 शेयरों में दिखी बढ़त, 1745 शेयरों में आई गिरावट
स्टाक मार्केट में कारोबार कै दौरान बीएसई पर आज 4362 शेयरों की ट्रेडिंग हुई। इसमें 2426 शेयरों में बढ़त देखने को मिली तो 1745 में गिरावट रही, जबकि 191 में कोई बदलाव नहीं हुआ। इसके अलावा 124 शेयर एक साल के हाई और 39 शेयर एक साल के निचले स्तर पर आ गए। वहीं 15 शेयर अपर सर्किट पर पहुंच गए तो 12 शेयर लोअर सर्किट पर आ गए।
ट्रेंट और इंडिगो में रही तगड़ी खरीदारी
सेंसेक्स पर लिस्टेड 30 शेयरों में से 13 आज चढ़कर बंद हुए हैं। सबसे ज्यादा खरीदारी IndiGo, Trent, BEL, Adani Ports, Sun Pharma और Tata Steel जैसे शेयरों में देखने को मिली है। दूसरी तरफ Bajaj Finance, Tech Mahindra, HUL, Infosys और Bajaj Finserv जैसे शेयर टॉप लूजर्स रहे।
मिडकैप और स्मॉलकैप में हल्की मजबूती
NSE पर आज मिड और स्मॉलकैप शेयरों में हल्की खरीदारी देखने को मिली है। इसके चलते निफ्टी मिडकैप 100 इंडेक्स 0.01 फीसदी की मामूली बढ़त के साथ लगभग फ्लैट बंद हुआ। इसके अलावा निफ्टी स्मॉलकैप 100 इंडेक्स में 0.70 फीसदी की बढ़त दर्ज की गई।
यह भी पढ़ें: संयुक्त राष्ट्र ने बांग्लादेश में रोहंगियों के लिए मांगे 71 करोड़ डॉलर