Indian Stock Market : केन्द्रीय बजट 2026 के बाद आये झटके से उबरते हुए भारतीय शेयर बाजार ने शानदार रिकवरी दिखाई। शुरुआती उतार-चढ़ाव के बीच..
Indian Stock Market : केन्द्रीय बजट 2026 के बाद आये झटके से उबरते हुए भारतीय शेयर बाजार ने शानदार रिकवरी दिखाई। शुरुआती उतार-चढ़ाव के बीच शेयर बाजार दोपहर बाद जबरदस्ती खरादीरी लौटी। हालांकि शुरुआती कारोबार में एक समय शेयर बाजार में गिरावट दिखी। निवेशक बजट के ऐलानों को समझने की कोशिश में सतर्क दिखे। दोपहर बाद बाजार में भरोसा लौटता दिखा। भारी उतार-चढ़ाव के बीच बाजार में खरीदारी देखने को मिली। इससे बाजार ने एक दिन पहले बजट के दिन आई गिरावट की काफी हद तक भरपाई कर दी।
कारोबारी सत्र के अंत में सेंसेक्स 943.52 अंक या 1.17 प्रतिशत बढ़कर 81,666.46 पर और निफ्टी 262.95 अंक या 1.06 प्रतिशत बढ़कर 25,088.40 पर बंद हुआ।
मुद्रा बाजार में भारतीय रुपया (INR) अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 42 पैसे बढ़कर 91.51 के स्तर पर बंद हुआ, जो पिछले दिन के 92.02 के निचले स्तर से सुधार है। डॉलर के मुकाबले रुपए में मजबूती का मुख्य कारण बजट संबंधी सकारात्मकता और अंतरराष्ट्रीय तेल कीमतों में गिरावट रही है।
सोमवार के कारोबारी सत्र में आईटी सेक्टर को छोड़कर सभी सेक्टर में हरियाली दिखी। आईटी इंडेक्स में करीब 0.5 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई। मिडकैप और स्मॉलकैप शेयरों में भी निचले स्तरों से अच्छी रिकवरी देखने को मिली। निफ्टी मिडकैप इंडेक्स करीब 1 प्रतिशत चढ़ा, जबकि निफ्टी स्मॉलकैप इंडेक्स में 0.6 प्रतिशत की तेजी दर्ज की गई। वहीं सेक्टोरल इंडेक्स में FMCG, मेटल, ऑयल एंड गैस, एनर्जी, इंफ्रास्ट्रक्चर और रियल्टी सेक्टर के शेयरों में 1 से 2 प्रतिशत तक की बढ़त दर्ज की गई।
बजट के दिन बाजार गिरने से निवेशकों के करीब 10 लाख करोड़ रुपये डूब गए थे। लेकिन शेयर मार्केट में सोमवार की तेजी से निवेशकों की संपत्ति में करीब ₹4.63 लाख करोड़ रुपये का इजाफा हुआ है। बीएसई में लिस्टेड कंपनियों का कुल मार्केट कैपिटलाइजेशन आज बढ़कर 455.23 लाख करोड़ रुपये पर पहुंच गया, जो इसके पिछले कारोबारी दिन 450.61 लाख करोड़ रुपये रहा था। इस तरह BSE में लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैप आज करीब ₹4.63 लाख करोड़ रुपये बढ़ा है।
बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज पर आज हरे निशान में बंद होने वाले शेयरों की संख्या अधिक रही। एक्सचेंज पर कुल 4,428 शेयरों में आज कारोबार देखने को मिला, वहीं 2,220 शेयरों में गिरावट देखी गई। जबकि 171 शेयर बिना किसी उतार-चढ़ाव के सपाट बंद हुए। इसके अलावा 76 शेयरों ने आज कारोबार के दौरान अपना नया 52-वीक हाई छुआ। वहीं 360 शेयरों ने अपने 52-हफ्तों का नया निचला स्तर छुआ।
बांबे स्टाक एक्सचेंज पर सेंसेक्स में सूचीबद्ध कंपनियों में से पावर ग्रिड के शेयरों में 7.61 प्रतिशत और अदानी पोर्ट्स के शेयरों में 4.76 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई। सेंसेक्स के 30 में से 25 शेयर आज हरे निशान में यानी बढ़त के साथ बंद हुए। इसमें पावर ग्रिड के शेयरों में 7.61 फीसदी की सबसे अधिक तेजी रही। इसके बाद अदाणी पोर्ट्स, भारत इलेक्ट्रॉनिक्स, रिलायंस इंडस्ट्रीज और महिंद्रा एंड महिंद्रा के शेयर 2.86 फीसदी से लेकर 4.76 फीसदी की बढ़त के साथ बंद हुए।
सेंसेक्स के बाकी 5 शेयर लाल निशान में बंद हुए। इसमें भी एक्सिस बैंक का शेयर 2.00 फीसदी की गिरावट के साथ टॉप लूजर्स रहा। वहीं इंफोसिस, टीसीएस, ट्रेंट और टाइटन के शेयरों में 0.27 फीसदी से लेकर 1.85 फीसदी तक की गिरावट रही।
यह भी पढ़ें : https://www.primenewsnetwork.in/india/pm-modi-spoke-on-budget-2026-new-momentum-to-the-self-reliant-india-campaign/131459