प्राइम न्यूज़ – एक कसम, राष्ट्र प्रथम
Breaking News

शेयर बाजार में भारी गिरावट के बाद लौटी रौनक

उतार-चढ़ाव भरे कारोबार में बाजार हरे निशान पर बंद, रुपये में रिकॉर्ड गिरावट जारी

पश्चिम एशिया में जारी भू-राजनीतिक तनावों और डॉलर के मुकाबले रुपये में ऐतिहासिक गिरावट के बीच भारतीय शेयर बाजार बुधवार को हरे निशान में बंद हुए।

उतार-चढ़ाव भरे कारोबार में बाजार हरे निशान पर बंद रुपये में रिकॉर्ड गिरावट जारी

Volatile Trade Ends Green as Rupee Hits Record Low |

मुंबई। पश्चिम एशिया में जारी भू-राजनीतिक तनावों और डॉलर के मुकाबले रुपये में ऐतिहासिक गिरावट के बीच भारतीय शेयर बाजार बुधवार को हरे निशान में बंद हुए। हफ्ते के तीसरे कारोबारी दिन शेयर बाजार में काफी उतार चढ़ाव देखने को मिला। वैश्विक स्तर पर कच्चे तेल (ब्रेंट क्रूड) के उच्च स्तर पर बने रहने, डॉलर के मुकाबले भारतीय रुपये का अपने सर्वकालिक निचले स्तर पर फिसलना और कमजोर विदेशी संकेतों ने भारतीय शेयर बाजार में भारी दबाव बनाए रखा। इन चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों के कारण निवेशकों के सेंटीमेंट पर पूरे दिन नकारात्मक असर रहा।

गिरावट के साथ हुई कमजोर शुरुआत

एशियाई बाजारों से मिले कमजोर संकेतों के कारण शेयर बाजार आज तेज गिरावट के साथ खुले। बीएसई सेंसेक्स 394.36 अंकों या 0.52 फीसदी गिरकर 74,806.49 पर खुला जबकि निफ्टी 50 सूचकांक 160.75 अंकों या 0.68 फीसदी की गिरावट के साथ 23,457.25 पर खुला। कारोबार के दौरान बीएसई सेंसेक्स में एक सयय 600 अंक से ज्यादा की गिरावट आ गयी थी जबकि नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी-50 इंडेक्स 23,450 से नीचे चला गया था। लेकिन दोपहर बाद निचले स्तर से लौटी खरीदारी ने कहानी बदल दी और बाजार पॉजिटिव हो गया।

निचले स्तर से जोरदार रिकवरी के बाद हरे निशान में बंद

कारोबार के अंत में सेंसेक्स 117.54 अंक यानी 0.16 फीसदी की बढ़त के साथ 75,318.39 के स्तर पर बंद हुआ। वहीं निफ्टी 41.00 अंक यानी 0.17 फीसदी की बढ़त के साथ 23,659.00 के स्तर पर बंद हुआ। शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स 671.44 प्वाइंट्स टूटकर 74,529.41 तक आ गया था जिससे 876.77 प्वाइंट्स रिकवर होकर यह 75,406.18 तक पहुंच गया तो निफ्टी 50 भी 220.70 प्वाइंट्स गिरकर 23,397.30 तक आ गया था जिससे यह 203.60 प्वाइंट्स रिकवर होकर 23,690.90 तक चढ़ गया।

डॉलर के मुकाबले रुपया रिकॉर्ड निचले स्तर पर

मुद्रा बाजार में भारतीय रुपया अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 96.96 के रिकॉर्ड निचले स्तर तक पहुंच गया। इस खबर ने बाजार में घबराहट और बढ़ा दी। दोपहर बाद शेयर बाजार में रिकवरी जरूर दिखी, लेकिन रुपये की कमजोरी चिंता का विषय बनी रही। रुपया अंत में 96.82 प्रति डॉलर के रिकॉर्ड लो लेवल पर बंद हुआ। मंगलवार को रुपया 96.53 प्रति डॉलर पर बंद हुआ था। पश्चिम एशिया में जारी तनाव के कारण कच्चे तेल के बाजार में अनिश्चितता बनी हुई है। ब्रेंट क्रूड (Brent Crude): की कीमतें आज भी लगभग 109 डॉलर से 110 डॉलर प्रति बैरल के स्तर के करीब बनी हुई हैं।

वोलैटिलिटी इंडेक्स 'India VIX' में आई गिरावट

सेक्टोरल इंडेक्स पर नजर डालें तो ऑयल एंड गैस, पावर, एनर्जी और ऑटो शेयरों ने बाजार को ऊपर खींचने में अहम भूमिका निभाई। जबकि FMCG, IT और मीडिया इंडेक्स ने बाजार को पीछे खींचा। ब्रॉडर मार्केट ने बेंचमार्क इंडेक्स से बेहतर प्रदर्शन किया। निफ्टी मिडकैप 100 इंडेक्स में लगभग 0.5 प्रतिशत की बढ़त हुई। जबकि वोलैटिलिटी इंडेक्स India VIX में 1 प्रतिशत से ज्यादा की गिरावट आई,जो बाजार बंद होते-होते उतार-चढ़ाव में कमी आने का संकेत है।

निवेशकों की संपत्ति में ₹2 लाख करोड़ का इजाफा

शेयर बाजार में आज की तेजी से निवेशकों की दौलत में ₹2 लाख करोड़ से अधिक का इजाफा हुआ है। बीएसई पर लिस्टेड सभी शेयरों का कुल मार्केट कैप आज उतार चढ़ाव के बीच ₹4,61,18,154.93 करोड़ पर पहुंच गया। एक कारोबारी दिन पहले बीएसई पर लिस्टेड सभी शेयरों का कुल मार्केट कैप ₹4,59,05,366.56 करोड़ था।

मार्केट ब्रेड्थ में मिला-जुला रुझान

मार्केट ब्रेड्थ आज मिला-जुला रहा। बीएसई पर आज 4310 शेयरों की ट्रेडिंग हुई। इसमें 2120 शेयर मजबूत हुए तो 1981 में गिरावट रही जबकि 209 में कोई बदलाव नहीं हुआ। इसके अलावा 91 शेयर एक साल के हाई और 40 शेयर एक साल के निचले स्तर पर आ गए। वहीं 16 शेयर अपर सर्किट पर पहुंच गए तो 8 शेयर लोअर सर्किट पर आ गए।

रिलायंस और हिंडाल्को बने आज के संकटमोचक

सेंसेक्स पर लिस्टेड 30 शेयरों में से 15 आज ग्रीन जोन में बंद हुए हैं। बुधवार को बेंचमार्क इंडेक्स को रिलायंस इंडस्ट्रीज से सबसे बड़ा सपोर्ट मिला। इसमें 2.8 प्रतिशत की तेजी आई और इसने निफ्टी की बढ़त में 41.5 अंकों का योगदान दिया। निफ्टी के शेयरों में हिंडाल्को में 3.5 फीसदी से अधिक तेजी आई। इसके अलावा बजाज फिनसर्व, ट्रेट, इंडिगो, एक्सिस बैंक, महिंद्रा एंड महिंद्रा, एनटीपीसी और अल्ट्राटेक सीमेंट में तेजी रही। दूसरी ओर गिरने वाले शेयरों में बीईएल, टेक महिंद्रा, इटरनल, टाटा स्टील, हिंदुस्तान यूनिलीवर, आईटीसी, भारती एयरटेल और इन्फोसिस प्रमुख रहे।

यह भी पढ़ें: https://www.primenewsnetwork.in/state/mathura-lawyers-protest-against-lathicharge-and-chamber-demolition/206618

मथुरा में अधिवक्ताओं का जोरदार प्रदर्शन, लाठीचार्ज और बुलडोजर की कार्रवाई के खिलाफ सौंपा ज्ञापन

Related to this topic: