अंशुला कपूर ने अपने लंबे समय के प्रेमी रोहन ठक्कर के साथ शादी कर ली और सोशल मीडिया पर अपनी खूबसूरत यादें साझा कीं।
मुंबई,(महाराष्ट्र)। फिल्म निर्माता बोनी कपूर की बेटी अंशुला कपूर ने सोमवार को अपने लंबे समय के प्रेमी रोहन ठक्कर के साथ शादी कर ली। शादी के कुछ समय बाद ही अंशुला ने सोशल मीडिया पर समारोह की खूबसूरत तस्वीरें साझा कर अपने खास दिन की झलक प्रशंसकों के साथ शेयर कीं।
तस्वीर में बहनें जाह्नवी और खुशी भी आईं नजर
शादी की तस्वीरों में अंशुला और रोहन पति-पत्नी के रूप में नई जिंदगी की शुरुआत करते नजर आए। पारंपरिक परिधानों में दोनों बेहद आकर्षक लग रहे थे। एक तस्वीर में अंशुला की बहनें जाह्नवी कपूर और खुशी कपूर भी नजर आईं, जहां वे रोहन को अंशुला की मांग में सिंदूर भरने की रस्म में मदद करती दिखीं।
शादी की तस्वीरों के साथ अंशुला ने एक भावुक संदेश की साझा
अंशुला ने अपनी शादी की तस्वीरों के साथ एक भावुक संदेश भी लिखा। उन्होंने रोहन के लिए अपने प्यार का इजहार करते हुए उन्हें अपनी सबसे पसंदीदा बातचीत, सबसे सुरक्षित जगह और जिंदगी का सबसे आसान फैसला बताया। अंशुला और रोहन ने जुलाई 2025 में सगाई की थी। रोहन ने एक रोमांटिक यात्रा के दौरान अंशुला को प्रपोज किया था, जिसके बाद दोनों ने अपने रिश्ते को एक नया पड़ाव दिया।
फिल्म जगत के कई करीबी दोस्त शादी में हुए शामिल
शादी से पहले बोनी कपूर ने भी बेटी अंशुला की मेहंदी रस्म की तस्वीरें साझा की थीं। उन्होंने अपनी बेटी के लिए भावुक संदेश लिखते हुए कहा कि अंशुला और रोहन एक-दूसरे के लिए बने हैं और उनकी नई यात्रा हमेशा खुशियों से भरी रहे। अंशुला की शादी में कपूर परिवार के सदस्यों के साथ-साथ फिल्म जगत के कई करीबी दोस्त भी शामिल हुए। परिवार और दोस्तों ने नवविवाहित जोड़े को शुभकामनाएं और आशीर्वाद दिया। (एएनआई)
यह भी पढ़ेंः मुंबई की बारिश में डूबा 'इंडियाज बेस्ट डांसर 5' का सेट, करिश्मा कपूर ने साझा की तस्वीरें