वाराणसी के मणिकर्णिका घाट पर अंतिम संस्कार में आए युवक से मारपीट का मामला सामने आया है। वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर तीन लोगों को हिरासत में लिया है।
वाराणसी (उत्तर प्रदेश)। महाश्मशान मणिकर्णिका घाट पर अंतिम संस्कार में शामिल होने आए एक युवक के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए नामजद आरोपियों और अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। मामले में तीन लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। मारपीट में घायल युवक को बीएचयू ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया था। इलाज के बाद उसे अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।
अंतिम संस्कार में आए युवक को लाठी-डंडों से पीटा
चंदौली के रामगढ़ निवासी रमेश सिंह के मुताबिक, वह 9 अक्टूबर को अपने बहनोई वंश नारायण सिंह के अंतिम संस्कार में शामिल होने मणिकर्णिका घाट पहुंचे थे। उनका आरोप है कि इसी दौरान चोलापुर निवासी उनके भांजे अभिषेक सिंह की कुछ लोगों से कहासुनी हो गई। इसके बाद आरोपियों ने उसे देख लेने की धमकी दी और लाठी-डंडों से पिटाई कर दी। हमले में अभिषेक बेहोश हो गया, जिससे घाट पर अफरा-तफरी मच गई।
पांच नामजद समेत अन्य के खिलाफ मुकदमा दर्ज
परिजन घायल अभिषेक को इलाज के लिए बीएचयू ट्रामा सेंटर ले गए। उपचार के बाद उसे अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। घटना के संबंध में रमेश सिंह ने चौक थाने में शिकायत दर्ज कराई।पुलिस ने शिकायत के आधार पर जंसा निवासी ऋषिकेश चौधरी और बादल चौधरी, मीरघाट निवासी सनी चौधरी और अनिल चौधरी तथा बड़ी गैबी निवासी गुड्डू चौधरी समेत अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। मामले की जांच उपनिरीक्षक हिमांशु मिश्रा को सौंपी गई है।
तीन आरोपी हिरासत में, फरार लोगों की तलाश जारी
एसीपी दशाश्वमेध अतुल अंजान त्रिपाठी ने बताया कि अंतिम संस्कार में शामिल होने आए लोगों की स्थानीय लोगों से किसी बात पर कहासुनी हुई थी। इसी दौरान मारपीट की घटना हुई। घायल युवक को अस्पताल से छुट्टी मिल चुकी है। मामले में तीन लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। फरार आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस टीम गठित की गई है। पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।
यह भी पढ़ें: अमेठी में 'ऑपरेशन चक्रव्यूह' का बड़ा एक्शन, सोलर प्लांट से तार चुराने वाले 7 आरोपी गिरफ्तार