प्राइम वीडियो की बहुचर्चित सीरीज 'दुपहिया' सीजन 2 का ट्रेलर हुआ रिलीज। धड़कपुर गांव की मजेदार मुसीबतों और हंगामे से भरपूर यह सीरीज 1 अक्टूबर 2026 से होगी स्ट्रीम।
सोनम नायर के निर्देशन में बनी इस सीरीज़ का निर्माण और प्रस्तुति सलोना बैंस जोशी और शुभ शिवदासानी ने बॉम्बे फिल्म कार्टेल एलएलपी के बैनर तले की है। इस सीरीज की रचना और लेखन अविनाश द्विवेदी और चिराग गर्ग ने किया है। 'दुपहिया' सीज़न 2 में गजराज राव, रेणुका शहाणे, स्पर्श श्रीवास्तव, भुवन अरोड़ा, शिवानी रघुवंशी और यशपाल शर्मा प्रमुख भूमिकाओं में नजर आएंगे। इस सीज़न में दिनेश लाल यादव (निरहुआ) भी कलाकारों की टोली में शामिल हो रहे हैं।
भारत की सबसे बड़ी स्ट्रीमिंग सेवा और विशेष ओरिजिनल्स के लिए जानी जाने वाली प्राइम वीडियो ने आज अपनी आगामी प्राइम ओरिजिनल सीरीज़ 'दुपहिया' सीज़न 2 का ट्रेलर जारी किया। ट्रेलर धड़कपुर में आने वाली नई परेशानियों, उथल-पुथल भरे मोड़ों और मजेदार मुसीबतों की एक झलक पेश करता है, जो इस बार भी यहां के लोगों का पीछा छोड़ने वाली नहीं हैं।सोनम नायर के निर्देशन में बनी 'दुपहिया' सीज़न 2 को बॉम्बे फिल्म कार्टेल एलएलपी के बैनर तले सलोना बैंस जोशी और शुभ शिवदासानी ने बनाया और प्रोड्यूस किया है।
धड़कपुर में फिर लौटेगी कलाकारों की यह टोली
वहीं, अविनाश द्विवेदी और चिराग गर्ग ने इस सीरीज़ को क्रिएट करने के साथ-साथ इसकी कहानी और पटकथा भी लिखी है। सीज़न 1 की कहानी जहां खत्म हुई थी, सीज़न 2 वहीं से आगे बढ़ती है और एक बार फिर अपनी शानदार कलाकारों की टोली के साथ लौट रही है। इसमें गजराज राव, रेणुका शहाणे, स्पर्श श्रीवास्तव, भुवन अरोड़ा, शिवानी रघुवंशी और यशपाल शर्मा प्रमुख भूमिकाओं में नजर आएंगे। इस बार दिनेश लाल यादव (निरहुआ) भी कलाकारों की इस टोली में शामिल हो रहे हैं। 'दुपहिया' सीज़न 2 का प्रीमियर भारत के साथ-साथ दुनियाभर के 240 से अधिक देशों और क्षेत्रों में विशेष रूप से प्राइम वीडियो पर होगा।
मोबाइल टावर और नई मुसीबतों का दौर
'दुपहिया' सीज़न 2 का ट्रेलर दर्शकों को एक बार फिर धड़कपुर ले जाता है, जिसे कभी भारत का इकलौता अपराध-मुक्त गांव माना जाता था। यहां भूगोल को भले ही खूब शोहरत मिल गई हो, लेकिन इस शोहरत की अपनी एक कीमत है। वहीं, बनवारी और उसका परिवार पहले से भी बड़े हंगामे के लिए तैयार नजर आ रहे हैं।बनवारी की बंजर जमीन पर एक नया मोबाइल टावर लगने से गांव में अफवाहों, अंधविश्वास और हंगामे का दौर शुरू हो जाता है।
दूसरी ओर, रोशिनी अमावस के साथ मिलकर अपनी एसएससी परीक्षा की तैयारी पूरी करने के लिए वक्त से दौड़ लगा रही है। हर कदम पर नई मुश्किलें और उलझनें इन किरदारों का इंतजार कर रही हैं। ऐसे में क्या धड़कपुर इस बार भी इन सब परेशानियों के बीच खुद को संभाल पाएगा? यह जानने के लिए देखिए 'दुपहिया' सीज़न 2, जो 1 अक्टूबर, 2026 से प्राइम वीडियो पर दस्तक देने जा रहा है।
सोनम नायर ने साझा किए अपने अनुभव
'दुपहिया' के नए सीज़न के बारे में अपने विचार साझा करते हुए, सीरीज़ की निर्देशक सोनम नायर ने कहा, "'दुपहिया' मेरे दिल के बेहद करीब है और इसके पहले सीज़न को दर्शकों तक पहुंचाने के बाद से अब तक का सफर बेहद रोमांचक रहा है। सीज़न 1 को दर्शकों से मिला प्यार और इसके इर्द-गिर्द बना प्रशंसकों का जुड़ाव हमारे लिए बेहद उत्साह बढ़ाने वाला रहा है। मुझे पूरा भरोसा है कि सीज़न 2 को भी दर्शकों का उतना ही प्यार और उत्साह मिलेगा। प्राइम वीडियो ने हमेशा रचनाकारों और नई, सच्ची और अलग तरह की कहानियां कहने के उनके जुनून का समर्थन किया है। एक बार फिर इस शानदार कलाकारों और क्रू के साथ काम करना बेहद संतोषजनक रहा, जिन्होंने इस बार भी अपनी बेहतरीन प्रतिभा का प्रदर्शन किया है।"
गजराज राव ने की मजेदार वापसी
'दुपहिया' सीज़न 2 में बनवारी झा के किरदार में वापसी कर रहे गजराज राव ने कहा, "'दुपहिया' मेरे पसंदीदा प्रोजेक्ट्स में से एक रहा है। इस सीरीज़ को खास बनाती है इसकी कहानी, जो भले ही एक छोटे और अपनी मिट्टी से जुड़े गांव में सेट है, लेकिन इसके किरदार, उनके रिश्ते और रोजमर्रा की परेशानियां हर किसी को अपनी-सी लगती हैं—चाहे आप किसी छोटे शहर में रहते हों, किसी बड़े महानगर में या फिर भारत से बाहर।
सीज़न 2 में पहले से ज्यादा हंगामा, कई नए ट्विस्ट और ढेर सारे सरप्राइज़ देखने को मिलेंगे। साथ ही, वही अपनापन और हास्य भी बरकरार रहेगा, जिससे पहले सीज़न में दर्शक जुड़ गए थे। मैं बेसब्री से इंतजार कर रहा हूं कि 1 अक्टूबर को जब 'दुपहिया' सीज़न 2 का प्रीमियर प्राइम वीडियो पर होगा, तो दर्शक एक बार फिर धड़कपुर की दुनिया में लौटेंगे।"

रेणुका शहाणे ने बयां की अपनी खुशी
पुष्पलता का किरदार निभा रहीं रेणुका शहाणे ने कहा, "पहले सीज़न के साथ मेरा अनुभव बेहद खूबसूरत रहा था, इसलिए 'दुपहिया' में पुष्पलता के रूप में दोबारा लौटना मेरे लिए काफी उत्साह भरा रहा। इस सीरीज़ की सबसे अच्छी बात मुझे यह लगती है कि यह रोजमर्रा के बेहद साधारण पलों में भी हास्य तलाश लेती है, जबकि इसके किरदार जमीन से जुड़े और बिल्कुल असली लगते हैं। सीज़न 2 में नई चुनौतियों के साथ कहानी का दांव और भी बड़ा हो गया है, लेकिन धड़कपुर की असली जान यहां के लोग और उनका अपना अनोखा पागलपन आज भी पूरी तरह बरकरार है।"
रोशनी के किरदार में फिर लौटीं शिवानी रघुवंशी
नए सीज़न में रोशनी के किरदार में वापसी कर रहीं शिवानी रघुवंशी ने कहा, "'दुपहिया' के सीज़न 2 में लौटना मेरे लिए बेहद खास और बिल्कुल अलग अनुभव रहा है। मुझे हमेशा से यह शो बहुत पसंद रहा है और उन्हीं जाने-पहचाने सेट्स और चेहरों के बीच दोबारा लौटना बेहद सुकून देने वाला एहसास है। पूरी टीम मेरी इस यात्रा का एक खूबसूरत हिस्सा बन चुकी है और उनके साथ दोबारा काम करना वाकई बहुत मजेदार रहा।इस सीज़न को खास तौर पर रोमांचक बनाता है कि इसमें कॉमेडी को एक बिल्कुल अनोखे अंदाज में पेश किया गया है।
रोशनी के किरदार से जुड़ी खास बातें
अलग-अलग परिस्थितियां, किरदार और आपसी तालमेल इसे और भी मजेदार बनाते हैं। हर कलाकार अपने किरदार में कुछ नया लेकर आता है और निर्देशक व हमारे शानदार प्रोड्यूसर्स के साथ काम करना मेरे लिए एक बेहतरीन अनुभव रहा। खास तौर पर रोशनी का किरदार मेरे दिल के बहुत करीब है, क्योंकि वह मुझसे बिल्कुल अलग है। वह बेफिक्र है, थोड़ी लाड़ली है, जल्दबाजी में फैसले लेती है और किसी न किसी तरह हमेशा मुसीबत में फंस जाती है—और मजेदार बात यह है कि वह अपने आसपास के लोगों को भी उसी मुसीबत में खींच लेती है!
इस सीज़न में मेरे लिए सबसे बड़ा सरप्राइज़ यह जानना रहा कि रोशनी के किरदार में अभी और भी बहुत कुछ है। अब तक मैंने कई अलग-अलग तरह के किरदार निभाए हैं, लेकिन सच कहूं तो रोशनी के लिए मेरे पास असल जिंदगी का कोई संदर्भ नहीं था। इसलिए लेखन और अपने निर्देशक की मदद से इस किरदार को गढ़ना मेरे लिए बेहद रोमांचक प्रक्रिया रही।रोशनी के किरदार में दोबारा ढलकर मैंने सच में बहुत मजा किया है और अब मैं यह देखने के लिए बेहद उत्सुक हूं कि इस सीज़न में दर्शक उसे किस तरह अपनाते हैं।"
अमावस के किरदार को लेकर बोले भुवन अरोड़ा
सीज़न 1 में अपने किरदार में नजर आए भुवन अरोड़ा ने 'दुपहिया' में वापसी को लेकर कहा, "'दुपहिया' और खासकर अमावस के किरदार में दोबारा लौटना मेरे लिए बेहद अच्छा अनुभव रहा। इस दुनिया और इसके किरदारों में एक अलग ही अपनापन है। सीज़न 2 में भी वही अनोखापन, भरपूर हंसी-मजाक और उतार-चढ़ाव देखने को मिलेंगे, जिन्हें दर्शकों ने पहले सीज़न में खूब पसंद किया था। हालांकि, इस बार कहानी में आने वाले कई मोड़ों ने मुझे भी हैरान कर दिया।अमावस का किरदार भी मेरी उम्मीद से कहीं ज्यादा परिपक्व हुआ है और उसके इस नए पहलू को तलाशना मेरे लिए बेहद मजेदार रहा। मैं यह देखने के लिए उत्साहित हूं कि इस बार अमावस और धड़कपुर के बाकी लोग मिलकर क्या-क्या नया हंगामा खड़ा करते हैं!"
भूगोल के किरदार पर बोले स्पर्श श्रीवास्तव
भूगोल का किरदार निभा रहे स्पर्श श्रीवास्तव ने कहा, "भूगोल अब तक निभाए गए मेरे किरदारों से काफी अलग है। पहली नजर में वह भले ही सीधा-सादा और सरल नजर आए, लेकिन उसके व्यक्तित्व की परतों में बहुत कुछ छिपा है। मुझे इस किरदार की सबसे दिलचस्प बात यह लगती है कि इसे निभाते हुए उसकी छोटी-छोटी बारीकियों और विरोधाभासों को समझने का मौका मिलता है, जो उसे कभी भी आसानी से समझ न आने वाला किरदार बनाते हैं। नए सीज़न में मुझे इस किरदार की इन सीमाओं को और आगे बढ़ाने का मौका मिला और यह मेरे करियर के सबसे संतोषजनक अनुभवों में से एक रहा है।"
यह भी पढ़ें: हिमेश रेशमिया के संगीत से सजेगा सूरज बड़जात्या का नया सफर, 'ये प्रेम मोल लिया' का टाइटल ट्रैक रिलीज