अभिनेता वीर हिरानी ने अपने सह-कलाकार अरशद वारसी के समर्थन और मार्गदर्शन के लिए आभार जताते हुए एक भावुक संदेश साझा किया।
Veer Hirani Pens Emotional Note for Arshad Warsi, Says His Support Changed Everything |
मुंबई,(महाराष्ट्र)। अभिनेता वीर हिरानी ने अपने हालिया स्ट्रीमिंग शो ‘प्रीतम एंड पेड्रो’ से अभिनय की शुरुआत की है। अपने पहले ही प्रोजेक्ट के अनुभव को याद करते हुए वीर ने अपने सह-कलाकार अरशद वारसी के लिए एक भावनात्मक पोस्ट साझा किया और उनके सहयोग व मार्गदर्शन के लिए आभार जताया।
अरशद ने पूरे सफर के दौरान उनका मार्गदर्शन किया
वीर ने अरशद वारसी के साथ एक तस्वीर साझा करते हुए उन्हें "प्रिय अरशद सर" कहकर संबोधित किया। उन्होंने बताया कि डेब्यू प्रोजेक्ट को लेकर उत्साह के साथ-साथ थोड़ी घबराहट भी थी, लेकिन अरशद की मौजूदगी ने उनका आत्मविश्वास बढ़ाया। अपने संदेश में वीर ने लिखा, कि अरशद ने पूरे सफर के दौरान उनका मार्गदर्शन किया और उन्हें इस तरह प्रेरित किया कि उनके सुझाव भी उन्हें अपने विचारों जैसे महसूस होते थे। उन्होंने कहा कि अरशद ने कभी किसी चीज का श्रेय खुद नहीं लिया और हमेशा एक सच्चे मार्गदर्शक की भूमिका निभाई।
शुरुआत से ही अरशद वारसी से मिला अपनापन और प्रोत्साहन
वीर ने आगे कहा कि जिस प्यार और समर्थन को ‘प्रीतम एंड पेड्रो’ को दर्शकों से मिल रहा है, वह उनके लिए खास है क्योंकि उन्हें शुरुआत से ही अरशद वारसी से वही अपनापन और प्रोत्साहन मिला। ‘प्रीतम एंड पेड्रो’ वीर हिरानी और अरशद वारसी के लिए एक खास जुड़ाव भी रखता है। इससे पहले वीर ने फिल्म ‘मुन्ना भाई एमबीबीएस’ में अरशद के लोकप्रिय किरदार सर्किट के बेटे शॉर्ट सर्किट की भूमिका निभाई थी। अब वर्षों बाद दोनों कलाकार एक बार फिर पर्दे पर साथ दिखाई दे रहे हैं।
शो में साइबर अपराध, हास्य और रोमांच की एक अलग तरह की कहानी
इस सीरीज में विक्रांत मैसी, बोमन ईरानी और मोना सिंह भी अहम भूमिकाओं में नजर आते हैं। शो में साइबर अपराध, हास्य और रोमांच को मिलाकर एक अलग तरह की मनोरंजक कहानी पेश की गई है। फिल्म निर्माता अविनाश अरुण के निर्देशन में बनी इस सीरीज का निर्माण राजकुमार हिरानी ने किया है। यह उनका डिजिटल स्ट्रीमिंग क्षेत्र में पहला प्रोजेक्ट है। ‘प्रीतम एंड पेड्रो’ को JioHotstar पर स्ट्रीम किया जा रहा है। (ANI)
यह भी पढ़ेंः विंबलडन जीत के बाद जैनिक सिनर ने टीम को दिया श्रेय, बोले- 'खून, पसीना और खुशी के आंसू'