प्राइम न्यूज़ – एक कसम, राष्ट्र प्रथम
Breaking News

पेड़ से लटका मिला युवक का शव

बाराबंकी में प्रेमिका के घर के पीछे पेड़ से लटका मिला युवक का शव

बाराबंकी के फतेहपुर में प्रेमिका के घर के पीछे युवक का शव पेड़ से लटका मिला। वायरल वीडियो में उत्पीड़न के आरोप लगाए गए थे। पिता ने हत्या की आशंका जताई है।

बाराबंकी में प्रेमिका के घर के पीछे पेड़ से लटका मिला युवक का शव

Barabanki Youth Found Hanging Behind Girlfriend's House |

बाराबंकी (उत्तर प्रदेश)। जनपद के फतेहपुर थाना क्षेत्र में मंगलवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब एक युवक का शव उसकी प्रेमिका के घर के पीछे पेड़ से लटका मिला। मृतक की पहचान मोहित के रूप में बताई जा रही है। युवक की मौत से पहले बनाया गया एक वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित होने के बाद मामला और गंभीर हो गया है। वीडियो में युवक ने प्रेमिका के परिजनों पर उत्पीड़न के आरोप लगाते हुए आत्महत्या करने की बात कही थी। वहीं, मृतक के पिता ने बेटे की हत्या कर शव को फंदे से लटकाए जाने की आशंका जताते हुए पुलिस को तहरीर दी है।

आत्महत्या से पहले वीडियो बनाकर लगाए आरोप

जानकारी के मुताबिक, मोहित ने अपने कमरे से वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर पोस्ट किया था। वीडियो में उसने प्रेमिका के माता-पिता, भाई और दो मामा पर गंभीर आरोप लगाए थे। वीडियो देखने के बाद ग्राम प्रधान ने युवक के परिजनों को इसकी जानकारी दी। परिजनों ने उससे संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन फोन नहीं उठा। इसके बाद घरवालों ने उसकी तलाश शुरू कर दी। मंगलवार सुबह प्रेमिका के घर के पीछे पेड़ से उसका शव लटका मिलने की सूचना मिली।

15 दिन पहले दोनों पक्षों में हुआ था समझौता

बताया जा रहा है कि करीब 15 दिन पहले दोनों पक्षों के बीच विवाद को लेकर फतेहपुर थाने में समझौता हुआ था। इस घटना के बाद पुलिस पुराने विवाद और युवक के वीडियो से जुड़े तथ्यों की जांच कर रही है। मृतक के पिता ने हत्या की आशंका जताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है।

प्रेमिका के घर गोदभराई और युवक के घर मुंडन का था कार्यक्रम

स्थानीय स्तर पर चर्चा है कि मंगलवार को युवक की प्रेमिका के घर गोदभराई का कार्यक्रम प्रस्तावित था। वहीं, मोहित के घर सोमवार को मुंडन संस्कार का आयोजन था, जिसमें वह शामिल नहीं हुआ था। युवक की मौत की खबर से दोनों परिवारों में शोक का माहौल छा गया। पुलिस मोबाइल फोन, सोशल मीडिया पर प्रसारित वीडियो और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की पड़ताल कर रही है। मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के निष्कर्षों के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।

यह भी पढ़ें:   पीलीभीत में रामलीला कमेटी के विवाद में ताबड़तोड़ फायरिंग से 3 की मौत, मुख्य आरोपी समेत 8 हिरासत में

Related to this topic: