'बिहान – फॉर द राइजिंग' भारत ने मकर संक्रांति के शुभ अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 2047 तक विकसित भारत के विज़न को साकार करने की दिशा में वैश्विक ‘ब्रेन गेन’ पहल की महत्वपूर्ण घोषणा की है।
नई दिल्ली। 'बिहान – फॉर द राइजिंग' भारत ने मकर संक्रांति के शुभ अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 2047 तक विकसित भारत के विज़न को साकार करने की दिशा में वैश्विक ‘ब्रेन गेन’ पहल की महत्वपूर्ण घोषणा की है। इसका उद्देश्य भारत के 'ब्रेन ड्रेन' यानी प्रतिभा पलायन को रणनीतिक ब्रेन गेन (प्रतिभा का आगमन) में परिवर्तित करते हुए विश्वभर में बसे भारतीयों को राष्ट्र निर्माण से जोड़ना है।
अब तक 53 देशों के NRI व PIO को एक मंच पर जोड़ चुका 'बिहान'
डॉ. अंबेडकर अंतरराष्ट्रीय केंद्र में आयोजित मकर संक्रांति मिलन कार्यक्रम को संबोधित करते हुए 'बिहान' की अध्यक्ष लक्ष्मी कुमारी ने बताया कि संगठन अब तक 53 देशों के एनआरआई एवं पीआईओ को एक साझा मंच पर जोड़ चुका है। उन्होंने कहा कि 'बिहान' संगठित सहभागिता, सहयोग और सतत प्रयासों के माध्यम से प्रधानमंत्री के सपने संकल्प से सिद्धि की दिशा में कार्य कर रहा है।
विदेश में बसे भारतीयों में जगी भारत के विकास में योगदान की चेतना
सह अध्यक्ष प्रशांत कुमार ने कहा कि 'बिहान' जाति, पंथ, भाषा और क्षेत्र से ऊपर उठकर विभिन्न विचारधाराओं और पेशेवर बैकग्राउंड के लोगों को एकजुट कर राष्ट्र निर्माण की भावना को सुदृढ़ कर रहा है। उन्होंने कहा कि 2014 के बाद देश-विदेश में बसे भारतीयों में भारत के विकास में योगदान देने की नई चेतना जागृत हुई है।
पूर्व केंद्रीय मंत्री उपेंद्र कुशवाहा ने दी शुभकामनाएँ
कार्यक्रम में नित्या पाठक, पूर्व केंद्रीय मंत्री अश्विनी चौबे, भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता तुहिन सिन्हा, भाजपा संगठन महासचिव बी. एल. संतोष तथा बिहान के सचिव संजय सिन्हा ने भी अपने विचार रखे। सबने विकसित भारत के विज़न के प्रति समर्थन व्यक्त किया। कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए पूर्व केंद्रीय मंत्री उपेंद्र कुशवाहा ने शुभकामनाएँ दी।
कार्यक्रम में कई गणमान्य प्रतिनिधि हुए शामिल
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ संपन्न हुए इस कार्यक्रम में कई गणमान्य अतिथियों और वैश्विक भारतीय संगठनों के प्रतिनिधियों की उपस्थिति रही। 'बिहान' ने अमृत काल में देश-विदेश के भारतीयों से वर्ष 2047 तक एक सशक्त, समावेशी और विकसित भारत के निर्माण में सक्रिय भागीदारी का आह्वान किया।
यह भी पढ़ें: https://www.primenewsnetwork.in/india/pm-modi-targets-tmc-on-infiltration-and-development-at-malda-rally/105260
पीएम मोदी ने मालदा रैली में घुसपैठ और विकास के मुद्दे पर टीएमसी पर साधा निशाना