आईपीएल टीम कोलकाता नाइटराइडर्स से बांग्लादेश के क्रिकेटर मुस्तफिजुर रहमान को निकाले जाने से नाराज बांग्लादेश सरकार ने आईपीएल के मैचों के पड़ोसी देश में टेलीकास्ट पर प्रतिबंध लगा दिया है।
ढाका, बांग्लादेश। फिल्म अभिनेता शाहरुख खान की आईपीएल टीम "कोलकाता नाइटराइडर्स" से बांग्लादेश के क्रिकेटर मुस्तफिजुर रहमान को निकाले जाने से नाराज बांग्लादेश सरकार ने आईपीएल के मैचों के पड़ोसी देश में टेलीकास्ट पर प्रतिबंध लगा दिया है। भारत और श्रीलंका की मेजबानी में हो रहे इंडियन प्रीमियर लीग (IPL 2026) के मैच अब बांग्लादेश में नहीं दिखाये जाएंगे। बांग्लादेश ने भारत में आईपीएल मैच खेलने के लिए अपनी टीम भेजने से पहले ही इनकार कर दिया है।
क्रिकेटर मुस्तफिजुर रहमान को आईपीएल से हटाए जाने से नाराज बांग्लादेश का सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय
बांग्लादेश के सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय ने अपने क्रिकेटर मुस्तफिजुर रहमान को आईपीएल से हटाए जाने से नाराज होकर सोमवार (5 जनवरी) को इसे लेकर सभी स्थानीय टीवी चैनलों को एक पत्र भेजा है, जिसमें आईपीएल के टेलीकास्ट पर प्रतिबंध लगाए जाने की जानकारी दी गई है।
मालूम हो कि बांग्लादेश में हिंदुओं के खिलाफ बर्बर हिंसा के चलते भारत में मुस्तफिजुर रहमान को आईपीएल टीम में शामिल करने का विरोध हो रहा था। भारत में कई धर्मगुरुओं और हिन्दूवादी नेताओं ने इसको लेकर अभिनेता शाहरूख खान का विरोध शुरू कर दिया था। इस विरोध को उग्र रूप लेता देखकर बीसीसीआई ने मुस्तफिजुर रहमान को रिलीज करने का आदेश कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) टीम को दिया था। केकेआर ने रहमान को आईपीएल ऑक्शन में 9.2 करोड़ रुपये में खरीदा था। केकेआर ने बीसीसीआई के आदेश के बाद रहमान को रिलीज करने की जानकारी दी थी।
बांग्लादेश सरकार ने की बीसीसीआई के फैसले की आलोचना
मुस्तफिजुर रहमान को आईपीएल से हटाए जाने को लेकर बांग्लादेश में भारी नाराजगी है। बांग्लादेश सरकार ने बीसीसीआई के इस फैसले की आलोचना करते हुए बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड से इस फैसले के विरोध में उचित कदम उठाने को कहा था। इसके बाद बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 (T20 World Cup 2026) में खेलने के लिए भारत में टीम नहीं भेजने का भी ऐलान कर दिया था। बीसीबी ने भारत में अपनी टीम की सुरक्षा को खतरा बताया था और इसके लिए मुस्तफिजुर रहमान (Mustafizur Rahman) को हटाए जाने के कारणों को आधार बनाया था। बीसीबी ने अपनी टीम के मैच भारत से श्रीलंका शिफ्ट करने की मांग करते हुए आईसीसी को भी पत्र लिखा है।
बांग्लादेश के सूचना व प्रसारण मंत्रालय ने देश के सभी टीवी चैनलों को भेजा पत्र
बांग्लादेशी न्यूजपेपर फाइनेंशियल एक्सप्रेस के मुताबिक, बांग्लादेश के सूचना व प्रसारण मंत्रालय ने अपने देश के सभी टीवी चैनलों को पत्र भेजा है। इस पत्र में कहा गया है कि भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) के बांग्लादेशी स्टार क्रिकेटर मुस्तफिजुर रहमान को आईपीएल के लिए कोलकाता नाइट राइडर्स से हटाए जाने के फैसले का संज्ञान लिया गया है। इस फैसले का कोई वाजिब कारण नहीं बताया गया है और इससे बांग्लादेश के लोगों की भावनाओं को बड़ी ठेस पहुंची है। इन हालात को ध्यान में रखते हुए मंत्रालय टीवी चैनलों को आईपीएल मैचों और उनसे जुड़े कार्यक्रमों का टेलीकास्ट व ब्रॉडकास्ट अगले नोटिस तक रोकने का निर्देश दे रहा है।
यह भी पढ़ें: https://www.primenewsnetwork.in/india/bank-employees-call-for-nationwide-strike-on-january-27/103683
बैंक कर्मचारियों का 27 जनवरी को देश व्यापी हड़ताल का आह्वान