प्राइम न्यूज़ – एक कसम, राष्ट्र प्रथम
Breaking News

एक दिन की हड़ताल से लगातार 4 दिन बंद रहेंगे बैंक

बैंक कर्मचारियों का 27 जनवरी को देश व्यापी हड़ताल का आह्वान

बैंक कर्मचारी यूनियनों ने 27 जनवरी को देशव्यापी हड़ताल का एलान किया है। हफ्ते में पांच दिन अवकाश समेत विभिन्न मांगों को लेकर हड़ताल का आह्वान किया है।

बैंक कर्मचारियों का 27 जनवरी को देश व्यापी हड़ताल का आह्वान

फाइल फोटो |

नई दिल्ली। बैंक कर्मचारी यूनियनों ने 27 जनवरी को देशव्यापी हड़ताल का एलान किया है। हफ्ते में पांच दिन अवकाश समेत विभिन्न मांगों को लेकर हड़ताल का आह्वान किया है। प्रस्तावित हड़ताल भले ही एक दिन की हो, लेकिन पहले से तय छुट्टियों के चलते इसका असर लंबा पड़ सकता है। हालात ऐसे बन रहे हैं कि खासकर पब्लिक सेक्टर बैंकों में लगातार चार दिनों तक सामान्य कामकाज पूरी तरह ठप रह सकता है।

सप्ताह में केवल पांच दिन काम की मांग

कर्मचारी लंबे समय से सप्ताह में केवल पांच दिन काम की मांग कर रहे हैं। बैंक यूनियनों का कहना है कि अगर 5-Days Week System लागू किया जाता है, तो वे इसकी भरपाई के लिए कार्यदिवसों में रोजाना अधिक समय तक काम करने को भी तैयार हैं। कर्मचारियों का तर्क है कि RBI, LIC समेत कई बड़े संस्थान और वित्तीय बाजार पहले से ही पांच दिन के कार्य सप्ताह पर चल रहे हैं, ऐसे में बैंकों को इससे अलग रखने का कोई ठोस कारण नहीं है।

सोमवार से शुक्रवार तक रोजाना 40 मिनट अतिरिक्त काम करने का प्रस्ताव

यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (यूएफबीयू) ने कहा कि कर्मचारियों ने पांच दिवसीय सप्ताह के बदले सोमवार से शुक्रवार तक रोजाना 40 मिनट अतिरिक्त काम करने का प्रस्ताव भी दिया है। इस हड़ताल से पहले ही बैंकों में लगातार तीन दिन अवकाश रहेगा। पर बैंक बंदी चार दिन होगी। 24 जनवरी को चौथा शनिवार (बैंक बंद) 25 जनवरी रविवार, 26 जनवरी: गणतंत्र दिवस और 27 जनवरी: को प्रस्तावित हड़ताल के कारण बैंक बंद रहेंगे। इन चारों दिनों में बैंकों का सामान्य कामकाज पूरी तरह से प्रभावित रहेगा, खासकर सरकारी बैंकों में।

फिलहाल रविवार के अलावा महीने के दूसरे और चौथे शनिवार को मिलती है छुट्टी

फिलहाल बैंकों में रविवार के अलावा महीने के दूसरे और चौथे शनिवार को ही छुट्टी मिलती है, जबकि बाकी दो शनिवार कार्यदिवस होते हैं। बैंक कर्मचारी लंबे समय से सप्ताह में पांच कार्यदिवस लागू करने की मांग कर रहे हैं।  मार्च 2024 में हुए वेतन संशोधन समझौते के दौरान इंडियन बैंक्स एसोसिएशन (IBA) और UFBU के बीच इस बात पर सहमति बनी थी कि पांच दिन का कार्य सप्ताह लागू किया जाएगा, लेकिन अब तक इस पर अमल नहीं हुआ है।

देश की नौ प्रमुख बैंक यूनियनों का संयुक्त मंच है यूएफबीयू

यूएफबीयू देश की नौ प्रमुख बैंक यूनियनों का संयुक्त मंच है, जो सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों और कुछ पुराने निजी बैंकों के कर्मचारियों और अधिकारियों का प्रतिनिधित्व करता है। संगठन ने 27 जनवरी 2026 को अखिल भारतीय बैंक हड़ताल का आह्वान किया है। यूनियन के मुताबिक, पांच दिवसीय बैंकिंग सप्ताह को लेकर चलाए गए सोशल मीडिया अभियान को भी भारी समर्थन मिला है।

यह भी पढ़ें: https://www.primenewsnetwork.in/state/cm-yogi-pays-tribute-to-former-governor-kalyan-singh-on-his-birth-anniversary/103681

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पूर्व मुख्यमंत्री/राज्यपाल कल्याण सिंह की 94वीं जयंती पर दी श्रद्धांजलि

Related to this topic: