राजधानी दिल्ली के जंतर मंतर पर शनिवार को NEET पेपर लीक और सीबीएसई की ऑनस्क्रीन मार्किंग मामले को लेकर जारी कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) का धरना-प्रदर्शन अब खत्म हो गया है।
नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली के जंतर मंतर पर शनिवार को NEET पेपर लीक और सीबीएसई की ऑनस्क्रीन मार्किंग मामले को लेकर जारी कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) का धरना-प्रदर्शन अब खत्म हो गया है। करीब पांच घंटे चले इस प्रदर्शन के दौरान पार्टी के कार्यकर्ताओं ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग की।
फाउंडर अभिजीत दीपके की देशव्यापी आंदोलन की चेतावनी
CJP के प्रदर्शन को समर्थन देने के लिए अमेरिका के बोस्टन से दिल्ली पहुंचे पार्टी के फाउंडर अभिजीत दीपके ने शिक्षा मंत्री के शाम 5 बजे तक इस्तीफा नहीं देने की स्थिति में देशव्यापी प्रदर्शन की चेतावनी भी दी। बता दें कि CJP के प्रदर्शन को समर्थन देने के लिए सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक, CPI(ML) लिबरेशन के महासचिव दीपांकर भट्टाचार्य, CPI नेता एनी राजा सहित विभिन्न संगठन के सदस्य जंतर मंतर पहुंचे थे।
तबीयत बिगड़ने के कारण समय से पहले खत्म हुआ धरना
गौरतलब है कि CPI को शाम पांच बजे तक प्रदर्शन की अनुमति थी लेकिन पार्टी के फाउंडर अभिजीत दीपके की तबीयत बिगड़ने के कारण वे समाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक के साथ धरनस्थल से निकल गए और प्रदर्शन दोपहर करीब साढ़े तीन बजे ही खत्म हो गया है। हालांकि उन्होंने जाने से पहले 13 जून को फिर से जंतर-मंतर पर प्रदर्शन करने की बात कही है।
FIR की खबरों पर दिल्ली पुलिस का स्पष्टीकरण
इन सब घटनाक्रम के बीच कई मीडिया चैनलों पर प्रदर्शनकारियों के खिलाफ FIR दर्ज होने की खबर चलने पर दिल्ली पुलिस ने स्पष्टीकरण दिया है। पुलिस ने अपने 'एक्स' हैंडल पर एक पोस्ट में लिखा कि कुछ मीडिया चैनलों और रिपोर्टरों ने दिल्ली पुलिस द्वारा प्रदर्शनकारियों के खिलाफ FIR दर्ज किए जाने का दावा किया है।
पुलिस ने की भ्रामक खबरों से सावधान रहने की अपील
पुलिस इन दावों का खंडन करते हुए स्पष्ट किया कि पुलिस ने जंतर मंतर पर प्रदर्शन कर रहे किसी भी प्रदर्शनकारी के खिलाफ कोई FIR दर्ज नहीं किया है। उन्होंने अपील की कि लोग इस तरह के भ्रामक और अपुष्ट खबरों पर विश्वास ना करें।
यह भी पढ़ें: सिंगरौली मेंअतिक्रमण हटाने पहुंची प्रशासन की टीम, युवक टावर पर चढ़कर कर रहा विरोध