राष्ट्रीय राजधानी में CJP के प्रस्तावित विरोध प्रदर्शन से पहले दिल्ली पुलिस ने धौला कुआं और जंतर-मंतर समेत कई इलाकों से 500 से अधिक लोगों को हिरासत में लिया है। सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं।
नई दिल्ली। राष्ट्रीय राजधानी में 'कॉकरोच जनता पार्टी' (CJP) के प्रस्तावित विरोध प्रदर्शन के मद्देनजर शनिवार को सुरक्षा बलों ने धौला कुआं समेत कई संवेदनशील इलाकों से कंटेंट क्रिएटर्स और प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया। प्रदर्शनकारियों को तय स्थल तक पहुंचने से रोकने के लिए शहर के सभी प्रमुख प्रवेश द्वारों पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है और गाड़ियों की सघन जांच की जा रही है। धौला कुआं पर सुरक्षा बलों ने भारी बैरिकेडिंग के साथ स्पाइक स्ट्रिप्स (टायर पंचर करने वाली पट्टियां) लगाई हैं। महिला पुलिसकर्मियों की तैनाती कर हर एक वाहन की बारीकी से चेकिंग की जा रही है।
कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए लगातार जारी है ऑपरेशन
एहतियाती उपायों और सुरक्षा तैयारियों पर बात करते हुए डीसीपी कुमार अभिषेक ने 'ANI' को बताया, "आज नई दिल्ली में घोषित विरोध प्रदर्शन को देखते हुए यहां एहतियाती जांच लागू की गई है। महिला स्टाफ मौजूद है और हम सभी गाड़ियों की जांच कर रहे हैं। यह सुनिश्चित करने के लिए व्यापक इंतजाम किए गए हैं कि कानून-व्यवस्था न बिगड़े, और कुछ देर पहले हमने उन लोगों को हिरासत में लिया जो आज के विरोध प्रदर्शन में शामिल होने की योजना बना रहे थे। ये इंतजाम जारी हैं; ऑपरेशन कल रात से लगातार चल रहा है और पूरे दिन लागू रहेगा।"
यह भी पढ़ें: संजय सिंह का पीएम मोदी पर तीखा हमला, बोले- 'पूरे देश की पुलिस को एक चोर को बचाने में लगाया'