प्राइम न्यूज़ – एक कसम, राष्ट्र प्रथम
Breaking News

लाल किले के पास ट्रैफिक डायवर्जन

स्वतंत्रता दिवस 2026: लाल किले के आसपास 15 अगस्त को ट्रैफिक प्रतिबंध, जानें डायवर्जन और वैकल्पिक रास्ते

स्वतंत्रता दिवस 2026 पर दिल्ली में ट्रैफिक व्यवस्था बदलेगी। लाल किले के आसपास कई सड़कें बंद रहेंगी और वाहनों के रूट डायवर्ट होंगे। जानें प्रतिबंध और वैकल्पिक रास्ते।

स्वतंत्रता दिवस 2026 लाल किले के आसपास 15 अगस्त को ट्रैफिक प्रतिबंध जानें डायवर्जन और वैकल्पिक रास्ते

Delhi Traffic Police issues advisory ahead of Independence Day |

नई दिल्ली। दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने स्वतंत्रता दिवस के मद्देनज़र ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है। राष्ट्रीय समारोह को देखते हुए 15 अगस्त को लाल किले के आसपास कई तरह की पाबंदियां और ट्रैफिक डायवर्जन लागू रहेंगे। एडवाइजरी के मुताबिक 15 अगस्त को सुबह 4 बजे से सुबह 10 बजे तक लाल किले के आसपास की कुछ सड़कें आम ट्रैफिक के लिए बंद रहेंगी। इन रास्तों पर केवल वैध लेबल वाली गाड़ियों को ही जाने की अनुमति होगी।

लाल किले के आसपास इन रास्तों पर रहेगी पाबंदी

प्रतिबंधित सड़कों में दिल्ली गेट और छत्ता रेल चौक के बीच नेताजी सुभाष मार्ग, GPO दिल्ली और छत्ता रेल चौक के बीच लोथियन रोड, HC सेन मार्ग और यमुना बाजार चौक के बीच S.P. मुखर्जी मार्ग, फाउंटेन चौक और लाल किले के बीच चांदनी चौक रोड, रिंग रोड और नेताजी सुभाष मार्ग के बीच निषाद राज मार्ग, एस्प्लेनेड रोड और नेताजी सुभाष मार्ग की ओर जाने वाली लिंक रोड और राजघाट और ISBT कश्मीरी गेट के बीच रिंग रोड शामिल हैं।

बिना पार्किंग लेबल वाली सड़कों से बचने की सलाह

जिन लोगों के पास वैध पार्किंग लेबल नहीं हैं, उन्हें भी सुबह 4 बजे से सुबह 10 बजे के बीच कई सड़कों से बचने की सलाह दी गई है। इनमें इंडिया गेट पर C-हेक्सागन, कॉपरनिकस मार्ग, मंडी हाउस, तिलक मार्ग, मथुरा रोड, BSZ मार्ग, नेताजी सुभाष मार्ग, JL नेहरू मार्ग, निजामुद्दीन खट्टा और ISBT कश्मीरी गेट के बीच रिंग रोड, और सलीमगढ़ बाईपास से होकर जाने वाली आउटर रिंग रोड शामिल हैं।

सफर को आसान बनाने के लिए वैकल्पिक रास्ते

ट्रैफिक पुलिस ने पाबंदियों के दौरान उत्तर-दक्षिण, पूर्व-पश्चिम और ट्रांस-यमुना आवाजाही को आसान बनाने के लिए यात्रियों को वैकल्पिक रास्ते सुझाए हैं। उत्तर-दक्षिण आवाजाही के लिए यात्री अरबिंदो मार्ग, सफदरजंग रोड, कमाल अतातुर्क मार्ग, कौटिल्य मार्ग, S.P. मार्ग, 11 मूर्ति, मदर टेरेसा क्रिसेंट, पार्क स्ट्रीट, मंदिर मार्ग, पंचकुइयां रोड और रानी झांसी रोड का इस्तेमाल कर सकते हैं।

कमर्शियल गाड़ियों और बसों की आवाजाही पर रोक

पूर्व-पश्चिम आवाजाही के लिए यात्री NH-24/NH-9, निजामुद्दीन खट्टा, बारापुल्ला रोड और रिंग रोड ले सकते हैं। इसके अलावा, वे DND और बारापुल्ला रोड/रिंग रोड का इस्तेमाल कर सकते हैं। उत्तरी दिल्ली की ओर ट्रांस-यमुना आवाजाही के लिए सुझाया गया रास्ता पुस्ता रोड, GT रोड, युधिष्ठिर सेतु और ISBT कश्मीरी गेट है। इस एडवाइजरी में कमर्शियल गाड़ियों और बसों पर भी पाबंदियां शामिल हैं। 14 अगस्त की आधी रात से 15 अगस्त की सुबह 11 बजे तक निजामुद्दीन खट्टा और वजीराबाद ब्रिज के बीच माल ढोने वाली गाड़ियों को चलने की अनुमति नहीं होगी।

DTC और सिटी बसों के रूट में बदलाव

इस दौरान महाराणा प्रताप ISBT और सराय काले खां ISBT के बीच दूसरे राज्यों से आने-जाने वाली बसों को भी चलने की अनुमति नहीं होगी। ट्रैफिक प्लान के मुताबिक, प्रभावित रास्तों से सिटी बसों और DTC की सेवाओं का रूट बदला जाएगा। दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने गाड़ी चलाने वालों को सलाह दी है कि वे अपनी यात्रा की योजना बनाएं, जल्दी निकलें, प्रतिबंधित सड़कों पर जाने से बचें और यात्रा के लिए अतिरिक्त समय लेकर चलें।

यात्रा से पहले ट्रैफिक अपडेट जरूर जांचें

यात्रियों से यह भी कहा गया है कि वे ट्रैफिक साइन, वेरिएबल मैसेज साइन और ट्रैफिक पुलिसकर्मियों के निर्देशों का पालन करें और दिल्ली ट्रैफिक पुलिस की आधिकारिक सलाह के जरिए से खुद को अपडेट रखें। ट्रैफिक पुलिस ने लोगों को यह भी सलाह दी है कि वे किसी भी संदिग्ध या अनजान चीज को न छुएं और तुरंत नजदीकी पुलिसकर्मी को इसकी सूचना दें। यह एडवाइजरी 15 अगस्त को लाल किले पर मनाए जाने वाले स्वतंत्रता दिवस 2026 के कार्यक्रम को सुरक्षित और सुचारू आयोजन को सुनिश्चित करने के लिए जारी की गई है।

स्वतंत्रता दिवस ट्रैफिक एडवाइजरी से जुड़े अक्सर पूछे जाने वाले सवाल (FAQs)

सवाल: 15 अगस्त को लाल किले के आसपास आम ट्रैफिक के लिए रास्ते कब से कब तक बंद रहेंगे?
जवाब: 15 अगस्त को सुबह 4:00 बजे से सुबह 10:00 बजे तक लाल किले के आसपास के कई मुख्य मार्ग आम जनता के लिए पूरी तरह बंद रहेंगे। इस दौरान केवल वैध पार्किंग लेबल या अनुमति वाली गाड़ियों को ही जाने की छूट होगी।

सवाल: उत्तर-दक्षिण आवाजाही के लिए कौन से वैकल्पिक रास्ते अपनाए जा सकते हैं?
जवाब: ट्रैफिक पुलिस ने उत्तर-दक्षिण सफर के लिए अरबिंदो मार्ग, सफदरजंग रोड, कमाल अतातुर्क मार्ग, कौटिल्य मार्ग, मदर टेरेसा क्रिसेंट, पार्क स्ट्रीट, मंदिर मार्ग, पंचकुइयां रोड और रानी झांसी रोड का उपयोग करने की सलाह दी है।

सवाल: क्या 15 अगस्त के मौके पर कमर्शियल गाड़ियों और बसों की एंट्री पर भी रोक रहेगी?
जवाब: हां, 14 अगस्त की आधी रात से 15 अगस्त की सुबह 11:00 बजे तक निजामुद्दीन खट्टा और वजीराबाद ब्रिज के बीच माल ढोने वाले भारी वाहनों (कमर्शियल गाड़ियों) के चलने पर पूरी पाबंदी रहेगी। साथ ही, महाराणा प्रताप ISBT और सराय काले खां ISBT के बीच अंतरराज्यीय बसों का संचालन भी बंद रहेगा।
​(भाषांतर: Ravi Pandey । इनपुट: ANI)

यह भी पढ़ें: 15 अगस्त से पहले दिल्ली में बढ़ी सुरक्षा, युवा शक्ति पर रहेगा जोर

Related to this topic: