1.5 किलो सोना, 22 लग्जरी घड़ियां, मर्सिडीज और ऑडी की चाबियां, विदेशी शराब और कई हथियार भी मिले
डीआईजी के यहां पांच करोड़ से ज्यादा की नगदी मिली
पंजाब में रिश्वतखोरी प्रकरण
1.5 किलो सोना, 22 लग्जरी घड़ियां, मर्सिडीज और ऑडी की चाबियां, विदेशी शराब और कई हथियार भी मिले
चंडीगढ़, मोहाली, लुधियाना और सोलन में निवेश का पता चला
चंडीगढ़। कर्यालय में ही पांच लाख रुपये घूस लेते रंगे हाथों पकड़े गए पंजाब पुलिस के डीआईजी हरचरण सिंह भुल्लर के घर से जांच के दौरान पांच करोड़ से ज्यादा की रकम मिली है। इसके अलावा वहां 1.5 किलो सोना, 22 लग्ज़री घड़ियां, मर्सिडीज और ऑडी की चाबियां, विदेशी शराब, और कई हथियार मिले हैं। अब आगे जांच में खुलासा हुआ है कि उनकी कई संपत्तियां चंडीगढ़, मोहाली, लुधियाना और हिमाचल के सोलन में निवेश के रूप में हैं।
पूरा मामला
11 अक्टूबर को मंडी गोबिंदगढ़ के कारोबारी आकाश बत्ता ने सीबीआई के चंडीगढ़ कार्यालय में दी गई शिकायत में कहा था कि डीआईजी भुल्लर ने उसके खिलाफ दर्ज एक पुराने मुकदमे को 'निपटाने' के लिए आठ लाख रुपये की रिश्वत मांगी है। इसके अलावा उन्होंने हर महीने 'सेवा-पानी' के नाम पर पांच लाख रुपये की स्थायी रिश्वत की मांग भी की थी। व्यापारी ने जब रकम देने से इनकार किया, तो भुल्लर ने उसे झूठे केस में फंसाने की धमकी दी और कहा उसका स्क्रैप कारोबार बंद करवा देंगे।
व्हाट्सएप कॉल भी रिकॉर्ड हुए
भुल्लर की मांग से आजिज आकर व्यापारी ने सीबीआई से संपर्क किया। सीबीआई ने तुरंत ट्रैप ऑपरेशन शुरू कर दिय। आरोपी अधिकारी की हर गतिविधि पर नजर रखी जाने लगी।11 अक्टूबर को व्यापारी और भुल्लर के बीच हुई व्हाट्सएप कॉल को सीबीआई ने रिकॉर्ड किया, जिसमें डीआईजी अपने कथित दलाल कृष्णु को कहते सुने गए '8 फड़ने ने 8, जिन्ना देना नाल नाल फड़ी चल... ओह्नूं कह दे 8 कर दे पूरा।' यह बातचीत रिश्वत की डील का पुख्ता सबूत बनी।
करोड़ों की बरामदगी
सीबीआई ने व्यापारी को रिश्वत की पहली किस्त देने का निर्देश दिया। जैसे ही आठ लाख रुपये में से 5 लाख रुपये कृष्णु को सौंपे गए, सीबीआई की टीम ने मोहाली में डीआईजी भुल्लर के दफ्तर पर धावा बोलकर उन्हें रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद चंडीगढ़, रोपड़ और मोहाली स्थित भुल्लर के ठिकानों पर छापेमारी की गई। सीबीआई की तलाशी में जो कुछ मिला, उसे देखकर अधिकारी दंग रह गए।
बरामदगी का ब्योरा
- करीब 5 करोड़ नकद
- 1.5 किलो सोना-हीरे के जेवरात
- 22 लग्ज़री घड़ियां
- मर्सिडीज और ऑडी जैसी गाड़ियों की चाबियां
- महंगी विदेशी शराब की 40 लीटर बोतलें
- एक डबल बैरल गन, पिस्टल, रिवॉल्वर, एयरगन और गोला-बारूद
- कई संपत्तियों के दस्तावेज और लॉकर की चाबियां
- दलाल कृष्णु के पास से भी ₹21 लाख नकद मिले।
भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप
सीबीआई ने दोनों के खिलाफ कई धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। एफआईआर में साफ लिखा है कि भुल्लर ने अपने मध्यस्थ कृष्णु के ज़रिए आठ लाख रुपये की अवैध मांग की थी, साथ ही मासिक रिश्वत की व्यवस्था (सेवा-पानी) तय करने की कोशिश की थी। शिकायत की जांच और कॉल रिकॉर्डिंग से रिश्वत मांगने की पुष्टि हुई।
सीबीआई ने दोनों को गिरफ्तार कर 17 अक्टूबर को अदालत में पेश करने की तैयारी शुरू कर दी है।