प्राइम न्यूज़ – एक कसम, राष्ट्र प्रथम
Breaking News

यूपी ट्रेड शो 2026 की तैयारियां तेज

25 सितंबर से शुरू होगा यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो, योगी सरकार ने तैयारियों को दी रफ्तार

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 25 से 29 सितंबर तक ग्रेटर नोएडा में आयोजित होने वाले यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो 2026 की तैयारियों की समीक्षा की।

25 सितंबर से शुरू होगा यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो योगी सरकार ने तैयारियों को दी रफ्तार

Yogi Government Speeds Up Preparations for UP International Trade Show 2026 |

लखनऊ (उत्तर प्रदेश)। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उत्तर प्रदेश को वैश्विक व्यापार, विनिर्माण और निर्यात के अग्रणी केन्द्र के रूप में स्थापित करने के उद्देश्य से उत्तर प्रदेश इण्टरनेशनल ट्रेड शो (यूपीआईटीएस) का चौथा संस्करण आगामी 25 से 29 सितम्बर तक ग्रेटर नोएडा स्थित इण्डिया एक्सपो सेण्टर एण्ड मार्ट में आयोजित किया जाएगा। उत्तर प्रदेश इण्टरनेशनल ट्रेड शो के विगत तीन संस्करण प्रदेश के उत्पादों, उद्यमों और उद्योगों को राष्ट्रीय तथा अन्तरराष्ट्रीय बाजारों से जोड़ने के प्रभावी माध्यम साबित हुए हैं। अब यह आयोजन केवल एक व्यापार प्रदर्शनी नहीं, बल्कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के ’मेक इन इण्डिया’ और ’मेक फॉर द वर्ल्ड’ के विजन को आगे बढ़ाने वाला वैश्विक मंच बन चुका है।

उत्तर प्रदेश इण्टरनेशनल ट्रेड शो के चौथे संस्करण का आयोजन

मुख्यमंत्री आज यहाँ अपने सरकारी आवास पर उत्तर प्रदेश इण्टरनेशनल ट्रेड शो (यूपीआईटीएस) के चौथे संस्करण के आयोजन की तैयारियों की समीक्षा कर रहे थे। मुख्यमंत्री जी ने कहा कि यह ट्रेड शो उत्तर प्रदेश की औद्योगिक क्षमता, नवाचार, उत्पादों और निर्यात सामर्थ्य को विश्व के समक्ष प्रस्तुत करने का महत्वपूर्ण अवसर प्रदान करता है। उत्तर प्रदेश ’अनलिमिटेड पोटेंशियल’ का प्रदेश है व उत्तर प्रदेश इण्टरनेशनल ट्रेड शो इस सामर्थ्य को अनुभव करने का सबसे प्रभावी मंच है। मुख्यमंत्री जी ने कहा कि देश और विदेश में इस आयोजन का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए, ताकि अधिक से अधिक निवेशक, खरीदार और आगन्तुक इसमें सहभागी बनें।

ट्रेड शो की थीम- यूपी फॉर ग्लोबल ग्रोथ : इनोवेशन, मैन्युफैक्चरिंग एण्ड एक्सपोर्ट्स

बैठक में मुख्यमंत्री को अवगत कराया गया, कि इस वर्ष ट्रेड शो की थीम ’यूपी फॉर ग्लोबल ग्रोथ : इनोवेशन, मैन्युफैक्चरिंग एण्ड एक्सपोर्ट्स’ रखी गई है। आयोजन में 2,400 से अधिक प्रदर्शकों, 1.50 लाख से अधिक पंजीकृत बी2बी खरीदारों, 4.50 लाख से अधिक बी2सी आगन्तुकों तथा 85 देशों से 550 से अधिक अन्तरराष्ट्रीय खरीदारों की सहभागिता का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। साथ ही, 4,000 से अधिक एमओयू, 3,200 करोड़ रुपये से अधिक प्रस्तावित एमओयू मूल्य और 13,500 करोड़ रुपये से अधिक बिजनेस इन्क्वायरी होने का अनुमान है। मुख्यमंत्री जी ने सिंगापुर, ओमान, ऑस्ट्रिया, ब्राजील, थाईलैण्ड, जापान, इण्डोनेशिया और रूस सहित अन्य देशों के साथ भी सक्रिय संवाद स्थापित कर, उनकी अधिकाधिक सहभागिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

विभिन्न ट्रेडस् का होगा प्रदर्शन

मुख्यमंत्री को अवगत कराया गया कि इस बार ओडीओपी, ओडीओसी, एमएसएमई, इलेक्ट्रॉनिक्स एवं आईटी, रक्षा एवं एयरोस्पेस, कृषि एवं सम्बद्ध क्षेत्र, पर्यटन एवं फिल्म, अक्षय ऊर्जा, ऑटो एवं इलेक्ट्रिक वाहन, फार्मा एवं स्वास्थ्य, कौशल विकास, नागरिक उड्डयन, वित्तीय सेवाएँ, स्टार्ट-अप, लॉजिस्टिक्स, फूड प्रोसेसिंग, हस्तशिल्प, खादी, वस्त्र, चमड़ा, फर्नीचर सहित अन्य प्रमुख क्षेत्रों का व्यापक प्रदर्शन किया जाएगा। इससे उत्तर प्रदेश की विविध औद्योगिक एवं आर्थिक क्षमता एक ही मंच पर प्रदर्शित होगी।

विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी होगा आयोजन

मुख्यमंत्री ने कहा कि नॉलेज सेशन को उद्योग जगत, निवेशकों और उद्यमियों के लिए उपयोगी बनाया जाए। इन सत्रों में कृत्रिम बुद्धिमत्ता एवं साइबर अपराध, इलेक्ट्रॉनिक्स विनिर्माण, बैंकिंग एवं वित्त, ठोस अपशिष्ट प्रबन्धन, नई श्रम संहिताएँ, खाद्य प्रसंस्करण नीति, सड़क सुरक्षा, ई-कॉमर्स, वैश्विक मुक्त व्यापार समझौते, एमएसएमई तथा अन्य समकालीन विषयों पर विशेषज्ञ चर्चा आयोजित की जाए। व्यापारिक गतिविधियों के साथ उत्तर प्रदेश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को इस आयोजन की पहचान बनाने के लिए सभी दिनों में शास्त्रीय संगीत, कथक, लोकनृत्य, लोकगायन, भजन, गज़ल तथा अन्य सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का आकर्षक आयोजन किया जाए, ताकि देश-विदेश से आने वाले अतिथि उत्तर प्रदेश की सांस्कृतिक विविधता का अनुभव कर सकें। मुख्यमंत्री को अवगत कराया गया कि अन्तरराष्ट्रीय खरीदारों को जोड़ने के लिए विदेशों में भारतीय मिशनों के साथ व्यापक समन्वय किया गया है। विभिन्न देशों के खरीदारों से लगातार सम्पर्क स्थापित किया जा रहा है तथा बायर-सेलर बैठकों के माध्यम से उत्तर प्रदेश के उद्यमियों और निर्यातकों को नए वैश्विक बाजार उपलब्ध कराने की दिशा में कार्य किया जा रहा है। मुख्यमंत्री जी ने ट्रेड शो के दौरान उद्यमी मित्रों की तैनाती सुनिश्चित करने तथा स्थानीय विश्वविद्यालयों एवं अन्य उच्च शिक्षण संस्थानों के विद्यार्थियों और युवाओं की सहभागिता बढ़ाने के निर्देश दिए, ताकि आगन्तुकों, खरीदारों और उद्यमियों को बेहतर सुविधा एवं सहयोग उपलब्ध कराया जा सके।

आगन्तुकों की सुविधा के लिए ईवी बसों का संचालन सुनिश्चित

बैठक में वर्चुअल माध्यम से जुड़े पुलिस कमिश्नर गौतमबुद्धनगर ने कार्यक्रम के दौरान ट्रैफिक प्रबन्धन, पार्किंग, वीआईपी आवागमन, सुरक्षा व्यवस्था तथा आमजन की सुविधा के लिए की जा रही तैयारियों की जानकारी मुख्यमंत्री को प्रदान की। ग्रेटर नोएडा औद्योगिक विकास प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी ने आयोजन स्थल पर विकसित की जा रही आधारभूत सुविधाओं एवं अन्य व्यवस्थाओं की प्रगति से अवगत कराया। मुख्यमंत्री जी ने कहा कि कार्यक्रम के दौरान आगन्तुकों की सुविधा के लिए ईवी बसों का संचालन सुनिश्चित किया जाए। उत्तर प्रदेश इण्टरनेशनल ट्रेड शो केवल व्यापारिक आयोजन नहीं, बल्कि विकसित उत्तर प्रदेश और एक ट्रिलियन डॉलर अर्थव्यवस्था के लक्ष्य की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। सभी विभागों द्वारा आपसी समन्वय के साथ समयबद्ध तैयारियाँ सुनिश्चित की जाएं, ताकि यह आयोजन उत्तर प्रदेश की औद्योगिक प्रगति, निवेश अनुकूल वातावरण और वैश्विक प्रतिस्पर्धात्मक क्षमता का प्रभावी परिचायक बनकर उभरे।

समयबद्ध ढंग से कार्य आगे बढ़ाने के निर्देश

मुख्यमंत्री जी ने बैठक में सरदार वल्लभभाई पटेल रोजगार एवं औद्योगिक क्षेत्र विकास योजना की प्रगति की भी समीक्षा की। उन्हांंने योजना के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए सभी सम्बन्धित विभागों के बीच प्रभावी समन्वय सुनिश्चित करते हुए समयबद्ध ढंग से कार्य आगे बढ़ाने के निर्देश दिए। योजना के तहत 09 क्षेत्रीय हब एण्ड स्पोक मॉडल विकसित करते हुए प्रतिवर्ष लगभग 10 लाख युवाओं को कौशल प्रशिक्षण तथा 80 प्रतिशत प्रशिक्षित युवाओं के प्लेसमेण्ट का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। 

यह भी पढ़ें: मेजर ध्यानचंद खेल विश्वविद्यालय में पीजी डिप्लोमा प्रवेश की अंतिम तिथि 11 अगस्त तक बढ़ी

Related to this topic: