प्राइम न्यूज़ – एक कसम, राष्ट्र प्रथम

IRCTC ने रद्द किये 3 करोड़ से ज़्यादा फर्जी...

IRCTC ने रद्द किये 3 करोड़ से ज़्यादा फर्जी एकाउंट्स

भारतीय रेलवे के ट्रेन टिकट बुकिंग सिस्टम आईआरसीटीसी (IRCTC) ने जनवरी 2025 से अब तक 3 करोड़ से ज़्यादा फर्जी और संदिग्ध यूजर आईडी को बंद (ब्लॉक) कर दिया है।

irctc ने रद्द किये 3 करोड़ से ज़्यादा फर्जी एकाउंट्स

IRCTC cancels over 3 crore fake accounts |

नई दिल्ली। भारतीय रेलवे के ट्रेन टिकट बुकिंग सिस्टम आईआरसीटीसी (IRCTC) ने जनवरी 2025 से अब तक 3 करोड़ से ज़्यादा फर्जी और संदिग्ध यूजर आईडी को बंद (ब्लॉक) कर दिया है। आईआरसीटीसी ने एक बड़ा अभियान चलाते हुए टिकट बुकिंग में धांधली और कालाबाजारी रोकने के लिए यह कदम उठाया है जिससे तत्काल टिकट बुकिंग में आम यात्रियों को राहत मिल सके। इसके साथ ही, तत्काल बुकिंग के लिए आधार-आधारित OTP (वन टाइम पासवर्ड) वेरिफिकेशन प्रणाली लागू की गई है, जिससे केवल असली यात्री ही टिकट बुक कर सकें।

रोजाना बनने वाले अकाउंट्स की संख्या 1 लाख से घटकर हुआ 5 हजार

आईआरसीटीसी द्वारा टिकट बुकिंग सिस्टम को और भरोसेमंद बनाने के लिए उठाये गये कदम का अब असर दिखने लगा है। IRCTC वेबसाइट पर फर्जी और संदिग्ध यूजर आईडी अब बंद होने लगे हैं। हाल ये है कि वेबसाइट पर जहां पहले रोजाना लगभग 1 लाख नए यूजर अकाउंट बनते थे, यह संख्या अब घटकर लगभग 5 हजार रह गई है। रेलवे अधिकारियों का कहना है कि यह गिरावट इस बात का संकेत है कि फर्जी अकाउंट बनाने वालों पर लगाम लग गई है।

नई व्यवस्था लागू होने के बाद कम हो गई फर्जी आईडी बनाने वालों की संख्या

रेलवे ने हाल ही में एक नई, तकनीकी रूप से मजबूत पहचान व्यवस्था लागू की है। इसका मकसद यह सुनिश्चित करना है कि टिकट बुक करने वाला हर यात्री असली हो और उसकी पहचान सही तरीके से वेरिफाई हो। नई व्यवस्था लागू होने के बाद फर्जी आईडी बनाने वालों की संख्या कम हो गई है।

अब तक करीब 3.03 करोड़ फर्जी यूजर आईडी हो चुका है बंद

रेलवे अधिकारियों के मुताबिक अब तक करीब 3.03 करोड़ फर्जी यूजर आईडी को पूरी तरह डिएक्टिवेट किया जा चुका है। इसके अलावा लगभग 2.7 करोड़ अकाउंट्स को अस्थायी रूप से सस्पेंड किया गया है या सस्पेंशन के लिए चिन्हित किया गया है। इनमें ऑटोमेटेड बुकिंग, बार-बार कैंसिलेशन और दलालों से जुड़े पैटर्न जैसी संदिग्ध गतिविधियां पाई गई थीं।

धीरे-धीरे सुधर रही है स्थिति: रेलवे मंत्री अश्विनी वैष्णव

रेलवे मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बताया कि पहले फर्जी एकाउंट्स और एजेंट्स के कारण टिकट जल्दी खत्म हो जाते थे, लेकिन अब स्थिति धीरे-धीरे सुधर रही है। इस कदम का सबसे बड़ा फायदा आम यात्रियों को मिल रहा है। रेल मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि टिकटिंग सिस्टम को इतना पारदर्शी बनाया जाए कि हर यात्री आसानी से असली यूजर आईडी से टिकट बुक कर सके। पहले कुछ लोग फर्जी अकाउंट्स से बड़ी संख्या में टिकट बुक कर ऊंचे दामों पर बेच देते थे। नई व्यवस्था से ऐसी गतिविधियों पर काफी हद तक रोक लगी है, जिससे आम लोगों के लिए टिकट उपलब्धता बेहतर हुई है और सिस्टम पर भरोसा बढ़ा है। रेलवे अब टिकट बुकिंग में पारदर्शिता और समान अवसर देने पर जोर दे रहा है।

वंदे भारत में शुरू होगी स्थानीय भोजन की सुविधा

रेलवे मंत्री ने Vande Bharat ट्रेनों में उस इलाके का लोकल खाना परोसने का निर्देश दिया है, जिससे यात्री उस क्षेत्र की संस्कृति और स्वाद से भी जुड़ सकें। रेलवे ने बताया कि फिलहाल यह सुविधा Vande Bharat ट्रेनों में शुरू होगी और आने वाले समय में धीरे-धीरे अन्य ट्रेनों तक बढ़ाई जाएगी। खाने की बेहतर क्वालिटी और वैरायटी यात्रियों की संतुष्टि बढ़ाने में मदद करेगी।

यह भी पढें: https://www.primenewsnetwork.in/world/19-us-states-challenge-h-1b-visa-fee-hike/101168

H-1B वीजा पर शुल्क बढ़ाने को 19 अमेरिकी राज्यों ने दी चुनौती

Related to this topic: