रेलवे भर्ती बोर्ड ने CEN 06/2026 के तहत NTPC ग्रेजुएट लेवल के 3,548 पदों पर आवेदन मांगे हैं। 6 नवंबर तक करें अप्लाई। टाइपिंग टेस्ट में मिलेगी छूट। जानें पूरी प्रक्रिया।
नई दिल्ली। भारतीय रेलवे में स्नातक (Graduate) युवाओं के लिए सरकारी नौकरी का बड़ा अवसर सामने आया है। रेलवे भर्ती बोर्ड (RRB) ने सेंट्रलाइज़्ड एम्प्लॉयमेंट नोटिफिकेशन (CEN No. 06/2026) जारी कर नॉन-टेक्निकल पॉपुलर कैटेगरी (NTPC–Graduate) के तहत कुल 3,548 पदों पर वैकेंसी की घोषणा की है। इस भर्ती प्रक्रिया के जरिए योग्य अभ्यर्थियों को देश के सबसे बड़े सार्वजनिक उपक्रम का हिस्सा बनने का मौका मिलेगा।
4 प्रमुख श्रेणियों में होंगी भर्तियां
रेलवे बोर्ड की ओर से जारी आधिकारिक बयान के अनुसार, यह भर्ती मुख्य रूप से चार श्रेणियों—चीफ कमर्शियल कम टिकट सुपरवाइजर, गुड्स ट्रेन मैनेजर, जूनियर अकाउंट्स असिस्टेंट कम टाइपिस्ट और सीनियर क्लर्क कम टाइपिस्ट के पदों पर की जा रही है। ये पद वाणिज्यिक सेवाओं, ट्रेन संचालन, लेखा और प्रशासनिक कार्यों से जुड़े हैं, जो देश भर में रेलवे के सुचारू संचालन में अहम भूमिका निभाते हैं।
पदों का पूरा ब्योरा और रिक्तियां
अधिसूचित 3,548 कुल रिक्तियों में से सर्वाधिक 2,750 पद गुड्स ट्रेन मैनेजर के लिए आरक्षित हैं। इसके अलावा सीनियर क्लर्क कम टाइपिस्ट के 371 पद, जूनियर अकाउंट्स असिस्टेंट कम टाइपिस्ट के 300 पद और चीफ कमर्शियल कम टिकट सुपरवाइजर के 127 पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी।
वेतनमान और सातवां वेतन आयोग
सातवें केंद्रीय वेतन आयोग (7th CPC) की सिफारिशों के तहत चयनित उम्मीदवारों को आकर्षक वेतनमान दिया जाएगा:
चीफ कमर्शियल कम टिकट सुपरवाइजर: पे-लेवल 6 के तहत ₹35,400 प्रति माह शुरुआती मूल वेतन (Basic Pay)।
अन्य तीन पद (गुड्स ट्रेन मैनेजर, सीनियर क्लर्क, जूनियर अकाउंट्स असिस्टेंट): पे-लेवल 5 के तहत ₹29,200 प्रति माह शुरुआती मूल वेतन।
इसके अतिरिक्त नियमानुसार लागू भत्ते और सेवा शर्तें दी जाएंगी।
महत्वपूर्ण तिथियां और आवेदन की समय-सीमा
- ऑनलाइन आवेदन शुरू होने की तिथि: 8 अक्टूबर 2026
- आवेदन करने की अंतिम तिथि: 6 नवंबर 2026 (रात 11:59 बजे तक)
- परीक्षा शुल्क भुगतान की अंतिम तिथि: 8 नवंबर 2026
- आवेदन पत्र में सुधार (Application Window Modification): 9 नवंबर से 18 नवंबर 2026 तक
शैक्षणिक योग्यता और आयु सीमा
उम्मीदवारों के पास किसी भी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय या समकक्ष संस्थान से स्नातक (Graduation) की डिग्री होनी अनिवार्य है।
आयु सीमा: 1 जनवरी 2027 के अनुसार अभ्यर्थी की न्यूनतम आयु 18 वर्ष और अधिकतम 33 वर्ष होनी चाहिए। आरक्षित श्रेणियों को सरकारी नियमों के तहत अधिकतम आयु सीमा में छूट दी जाएगी।
चयन प्रक्रिया और परीक्षा का प्रारूप
अभ्यर्थियों का चयन दो चरणों की कंप्यूटर-आधारित परीक्षा (CBT-1 और CBT-2), दस्तावेज़ सत्यापन (Document Verification) और मेडिकल टेस्ट के आधार पर होगा। मेधा सूची (Merit List) के आधार पर अंतिम चयन किया जाएगा। नियमानुसार आरक्षण, आयु-छूट और दिव्यांग उम्मीदवारों के लिए स्क्राइब की सुविधा उपलब्ध होगी।
टाइपिंग टेस्ट में बड़ी राहत
CEN No. 06/2026 की एक प्रमुख विशेषता यह है कि जूनियर अकाउंट्स असिस्टेंट कम टाइपिस्ट और सीनियर क्लर्क कम टाइपिस्ट के पदों के लिए आयोजित होने वाले 'कंप्यूटर-बेस्ड टाइपिंग स्किल टेस्ट' (CBTST) को समाप्त कर दिया गया है। हालांकि, उम्मीदवारों से बुनियादी कंप्यूटर और टाइपिंग ज्ञान की उम्मीद की जाएगी, जिसका आकलन कार्यभार संभालने के बाद किया जाएगा। आवेदकों को सलाह दी जाती है कि वे विस्तृत पात्रता और पद-वार विवरण के लिए रेलवे भर्ती बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट पर विजिट करें।
(इनपुट: ANI)
यह भी पढ़ें: लोटस टेंपल घूमने का बना रहे हैं प्लान? जाने से पहले जान लें ये जरूरी बातें