1930 के दशक में संघ पर पहले प्रतिबंध के प्रयास को याद करते हुए मोहन भागवत ने कहा कि तब बचाव में केवल इब्राहिम नाम के व्यक्ति खड़े हुए थे।
नागपुर (महाराष्ट्र)। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के सरसंघचालक मोहन भागवत ने सोमवार को एक ऐतिहासिक घटनाक्रम को याद करते हुए बताया कि 1930 के दशक में जब संघ पर पहली बार प्रतिबंध लगाने की कोशिश हुई थी, तब उसके बचाव में कोई स्वयंसेवक नहीं था। उस वक्त संघ के समर्थन में उठने वाली एकमात्र आवाज 'इब्राहिम' नाम के एक शख्स की थी।
नागपुर नागरिक सहकारी बैंक लिमिटेड के पुनर्निर्मित मुख्यालय में नए ऑडिटोरियम का उद्घाटन करने के बाद मोहन भागवत ने कहा कि उस दौर में संघ की विचारधारा का समर्थन करने वाला कोई नहीं था। इब्राहिम ने ही तर्क दिया था कि संघ को बंद नहीं किया जाना चाहिए और यह कोई सांप्रदायिक संगठन नहीं है।
1930 का वह ऐतिहासिक घटनाक्रम और इब्राहिम का तर्क
सेंट्रल प्रोविंस असेंबली के उस घटनाक्रम का जिक्र करते हुए संघ प्रमुख ने कहा कि 30 के दशक में जब असेंबली में बैन का प्रस्ताव आया, तो विचारधारा का समर्थन करने वाला कोई चेहरा सामने नहीं था। तब इब्राहिम नाम के व्यक्ति ने संघ के पक्ष में बात रखी।
भागवत के मुताबिक इब्राहिम ने असेंबली में कहा था कि जो लोग यह कहते हैं कि हिंदुस्तान एक 'हिंदू राष्ट्र' है, उन्हें मानसिक अस्पताल भेजा जाना चाहिए। लेकिन मैं डॉ. हेडगेवार को जानता हूं, वे मानसिक रूप से अस्वस्थ व्यक्ति नहीं हैं बल्कि एक बेहद अच्छे इंसान हैं, इसलिए संघ सांप्रदायिक नहीं हो सकता।
स्वयंसेवक ही 100 साल से संघ की असली पहचान
भागवत ने आगे कहा कि उस समय संघ की स्थापना को कुछ ही साल हुए थे और इसे बहुत कम लोग जानते थे, हालांकि डॉ. हेडगेवार को सब पहचानते थे। जब संघ शुरू हुआ तो स्वयंसेवक ही उसकी पहचान बने और 100 साल बीत जाने के बाद भी स्वयंसेवक ही संघ की पहचान हैं।
कार्यक्रम के दौरान प्रचारकों पर लिखी गई एक पुस्तक का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि ऐसे निष्काम जीवन के बारे में केवल कृतज्ञता और स्नेहवश लिखा जाता है, किसी भौतिक लाभ के लिए नहीं। कोई भी प्रचारक कभी ऐसी उम्मीद नहीं करता क्योंकि यहां पाने के लिए कोई भौतिक सुख-सुविधा है ही नहीं।
धारा के विपरीत तैरने जैसा है स्वयंसेवक का जीवन
एक प्रचारक के लिए संघ ही सब कुछ है और उसके अलावा कुछ अस्तित्व में नहीं रहता। ऐसे निस्वार्थ लोगों के प्रति समाज में स्वाभाविक श्रद्धा और सम्मान पैदा होता है। उनके समर्पण और निष्ठा को शब्दों में बांधना मुमकिन नहीं है, इसे सिर्फ अनुभव किया जा सकता है।
संघ प्रमुख ने स्वयंसेवक के जीवन की तुलना "धारा के विपरीत तैरने" से करते हुए कहा कि यह बिना स्वार्थ, अहंकार या व्यक्तिगत महत्वाकांक्षा वाला सिद्धांतवादी जीवन है। स्वयंसेवक के मन में बस यही विचार रहता है कि वह समाज के लिए कितना बेहतर कर सकता है। हालांकि हर कोई इस आदर्श पर शत-प्रतिशत नहीं उतर पाता, लेकिन सभी की दिशा एक ही रहती है।
(इनपुट: ANI)
यह भी पढ़ें: RSS शताब्दी विजयदशमी उत्सव: मोहन भागवत ने संत रविदास और राष्ट्र रक्षा को किया याद