भारतीय स्टेट बैंक (SBI) के कर्मचारियों की 25-26 मई को होने वाली देशव्यापी हड़ताल फिलहाल टाल दी गई है। सभी शाखाएं 25 और 26 मई को सामान्य रूप से काम करेंगी।
स्टेट बैंक कर्मचारियों की हड़ताल स्थगित, शाखाओं में होगा सामान्य कामकाज
एसबीआई कर्मचारी संघ की प्रबंधन से वार्ता के बाद प्रदर्शन स्थगित
मुंबई।
भारतीय स्टेट बैंक (SBI) के कर्मचारियों की 25-26 मई को होने वाली देशव्यापी हड़ताल फिलहाल टाल दी गई है। बैंक कर्मचारी यूनियन पदाधिकारियों ने बताया कि शुक्रवार को मुंबई में बैंक मैनेजमेंट और कर्मचारी यूनियन के प्रतिनिधियों के बीच हुई सकारात्मक बातचीत के बाद यह फैसला लिया गया।
एसबीआई प्रबंधन ने इस संबंध में जारी विज्ञप्ति में कहा कि ऑल इंडिया स्टेट बैंक ऑफ इंडिया स्टाफ फेडरेशन (एआईएसबीआईएसएफ) द्वारा प्रस्तावित हड़ताल स्थगित कर दी गई है। बैंक प्रबंधन और यूनियन प्रतिनिधियों के बीच हुई बातचीत के बाद कर्मचारियों द्वारा प्रस्तावित दो दिवसीय राष्ट्रव्यापी हड़ताल स्थगित कर दी गई है और स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (एसबीआई) की सभी शाखाएं 25 और 26 मई को सामान्य रूप से काम करेंगी। बैंक प्रबंधन ने अपने 52 करोड़ ग्राहकों को आश्वासन देते हुए कहा, "हमारी सभी शाखाएं सामान्य रूप से काम करेंगी और सभी नियमित बैंकिंग सेवाएं प्रदान करेंगी।" बैंक का कहना है कि कामकाज पहले की तरह जारी रहेगा।
एआईएसबीआईएसएफ ने इस महीने की शुरुआत में पर्याप्त स्टाफ और नई भर्ती सहित 16 सूत्री मांगों को लेकर हड़ताल का आह्वान किया था। संघ ने कर्मचारियों की कमी, संदेशवाहकों और सशस्त्र गार्डों की भर्ती, पर्याप्त कर्मचारी संख्या, स्थायी नौकरियों के आउटसोर्सिंग को समाप्त करने, कैरियर प्रगति योजनाओं की समीक्षा, बेहतर चिकित्सा प्रतिपूर्ति और मानव संसाधन प्रबंधन प्रणाली (एचएमएस) से संबंधित चिंताओं के समाधान की मांग करते हुए हड़ताल का आह्वान किया था।
बैंक अधिकारियों ने बताया कि शुक्रवार को मुंबई स्थित एसबीआई के कॉर्पोरेट सेंटर में प्रबंधन और कर्मचारी प्रतिनिधियों के बीच हुई "सकारात्मक चर्चा" के बाद हड़ताल स्थगित करने का निर्णय लिया गया। एसबीआई स्टाफ एसोसिएशन के बंगाल सर्कल के सचिव सुदीप दत्ता ने मीडिया को बताया कि, "प्रबंधन के साथ बैठक सकारात्मक रही और संघ द्वारा उठाई गई कई मांगों पर प्रगति हुई है। इन घटनाक्रमों को देखते हुए प्रस्तावित हड़ताल स्थगित कर दी गई है।"
इसे भी पढ़ेंः
http://रिजर्व बैंक केंद्र को देगा रेकॉर्ड 2.87 लाख करोड़ रुपये का लाभांश