सिडबी (SIDBI) के 8वें MSME आउटलुक सर्वे के अनुसार, इनपुट लागत में बढ़ोतरी के बावजूद भारतीय सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्योगों में कारोबारी धारणा और उम्मीदें काफी सकारात्मक बनी हुई हैं।
नई दिल्ली। कच्चे माल और इनपुट लागत में लगातार बढ़ोतरी के बावजूद देश के सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यमों (MSME) का भरोसा डिगा नहीं है। भारतीय लघु उद्योग विकास बैंक (SIDBI) के ताजा 'MSME आउटलुक सर्वे' के मुताबिक, चालू वित्त वर्ष की जुलाई-सितंबर तिमाही में MSME का कारोबारी भरोसा (Business Confidence) और मजबूत हुआ है।
सिडबी के 8वें राउंड के सर्वे रिपोर्ट के अनुसार, जुलाई-सितंबर 2026 की अवधि में MSME बिजनेस कॉन्फिडेंस इंडेक्स (M-BCI) बढ़कर 60.4 पर पहुंच गया। इससे पिछली तिमाही में यह आंकड़ा 59.3 दर्ज किया गया था।
इंडेक्स का 50 के न्यूट्रल स्तर से ऊपर बने रहना यह साफ दर्शाता है कि भारतीय MSME इकोसिस्टम में आंतरिक मजबूती और अनिश्चितताओं से निपटने की क्षमता कायम है।
"तीनों प्रमुख क्षेत्रों में MSME का कुल भरोसा 50 के तटस्थ स्तर से काफी ऊपर बना हुआ है, जो भारतीय छोटे उद्योगों की अंतरनिहित मजबूती को दिखाता है।" - सिडबी सर्वे रिपोर्ट
49% कारोबारियों ने माना- सुधरे हालात
सर्वे में शामिल विभिन्न सेक्टरों के रुझानों पर नजर डालें तो लगभग 49 फीसदी MSME इकाइयों ने माना कि पिछली तिमाही के मुकाबले उनके कारोबारी हालात बेहतर हुए हैं।
वही, 33 फीसदी इकाइयों ने स्थिति को जस का तस (स्थिर) बताया, जबकि महज 18 फीसदी उद्यमों ने व्यापार में सुस्ती की बात स्वीकार की।
मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर में सबसे ज्यादा उत्साह
क्षेत्रवार आंकड़ों में मैन्युफैक्चरिंग (विनिर्माण) सेक्टर का प्रदर्शन और भरोसा सबसे आगे रहा। इस क्षेत्र के लिए बिजनेस कॉन्फिडेंस इंडेक्स 59.5 से सुधरकर 61.0 पर पहुंच गया।
- करीब 43% विनिर्माण इकाइयों ने बिक्री में ग्रोथ दर्ज की।
- निराशाजनक बिक्री की बात कहने वाले कारोबारियों का आंकड़ा घटकर 27% रह गया।
- ट्रेडिंग (व्यापार) और सर्विसेज (सेवा) क्षेत्र भी भरोसे के मामले में मैन्युफैक्चरिंग के करीब ही रहे।
भविष्य को लेकर मजबूत आउटलुक
MSME सेक्टर का भावी अनुमान (Business Expectations Index) भी बेहद उत्साहजनक है। अक्टूबर-दिसंबर 2026 तिमाही के लिए बिजनेस एक्सपेक्टेशंस इंडेक्स 61.7 और जुलाई-सितंबर 2027 के लिए 62.2 रहने का अनुमान जताया गया है।
खासकर मैन्युफैक्चरिंग MSME का एक्सपेक्टेशंस इंडेक्स अक्टूबर-दिसंबर 2026 में 63.3 और आगे चलकर जुलाई-सितंबर 2027 में 64.8 तक पहुंचने की उम्मीद है।
दूसरी ओर, नॉन-मैन्युफैक्चरिंग (ट्रेडिंग व सर्विस) सेक्टर में भी आगे का रुख सकारात्मक बना हुआ है, जहां आने वाली तिमाहियों में सूचकांक 61 अंक के आसपास बने रहने की संभावना है।
(भाषांतर: Ravi Pandey । इनपुट: ANI)
यह भी पढ़ें: RBI गवर्नर का बड़ा बयान: 'रुपये के किसी स्तर को टारगेट नहीं करता सेंट्रल बैंक, स्थिरता हमारी प्राथमिकता'