भारत ने अक्टूबर 2025 में अमेरिका को 1.47 अरब डॉलर मूल्य के स्मार्टफोन का निर्यात किया है। पिछले वर्ष अक्टूबर में भारत ने अमेरिका को 0.46 अरब डॉलर के स्मार्टफोन का निर्यात किया था।
नई दिल्ली।
अमेरिका द्वारा लगाये गये भारी टैरिफ और अन्य वैश्विक चुनौतियों के बावजूद भारत से अमेरिका को स्मार्टफोन के निर्यात में तीन गुना वृद्धि हुई है। भारत ने अक्टूबर 2025 में अमेरिका को 1.47 अरब डॉलर मूल्य के स्मार्टफोन का निर्यात किया है। पिछले वर्ष अक्टूबर में भारत ने अमेरिका को 0.46 अरब डॉलर के स्मार्टफोन का निर्यात किया था। सरकारी डाटा के अनुसार, इसमें वार्षिक आधार पर तीन गुना की बढ़ोतरी रही है।
वित्त वर्ष 2025-26 में 10.78 अरब डॉलर पर पहुंचा अमेरिका को भारत का स्मार्टफोन निर्यात
चालू वित्त वर्ष में अब तक मासिक आधार पर अमेरिका को स्मार्टफोन निर्यात में उतार-चढ़ाव देखने को मिला है। डाटा के अनुसार, चालू वित्त वर्ष 2025-26 में अप्रैल से अक्टूबर के बीच अमेरिका को भारत का स्मार्टफोन निर्यात 10.78 अरब डॉलर पर पहुंच गया है जो इससे पिछले वित्त वर्ष की समान अवधि में 3.60 अरब डालर था। इस वर्ष अप्रैल में 1.65 अरब डॉलर और मई में 2.29 अरब डॉलर के स्मार्टफोन का निर्यात किया गया था। लेकिन जून में निर्यात 1.99 अरब डॉलर, जुलाई में 1.52 अरब डॉलर, अगस्त में 0.96 अरब डॉलर और सितंबर में 0.88 अरब डॉलर तक गिर गया।
केन्द्र सरकार के एक अधिकारी ने बताया कि स्मार्टफोन निर्यात में यह गति तब भी बनी रही, जब टैरिफ संबंधी अनिश्चितताओं से मांग और मूल्य निर्धारण पर दबाव दिखा। चालू वित्त वर्ष के पहले सात महीनों (अप्रैल-अक्टूबर 2025) के बीच भारत का वैश्विक स्मार्टफोन निर्यात 49.35 प्रतिशत बढ़कर 15.95 अरब डॉलर पर पहुंच गया है। अप्रैल-अक्टूबर 2024 में भारत का वैश्विक स्मार्टफोन निर्यात 10.68 अरब डॉलर रहा था।