नई दिल्ली,(भारत)। केंद्र सरकार ने बुधवार को विशेष सुरक्षा समूह (SPG) के प्रमुख आलोक शर्मा के कार्यकाल को नौ महीने बढ़ाकर मार्च 2027 तक कर दिया है। यह नया कार्यकाल 1 जुलाई 2026 से 31 मार्च 2027 तक लागू रहेगा। उत्तर प्रदेश कैडर के 1991 बैच के आईपीएस अधिकारी शर्मा की सेवानिवृत्ति पहले 30 जून 2026 को तय थी।
कार्मिक मंत्रालय ने दिया आदेश
कार्मिक मंत्रालय के आदेश के अनुसार, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता वाली कैबिनेट नियुक्ति समिति (ACC) ने मौलिक नियम 56 (डी) और अखिल भारतीय सेवा नियमों में छूट देते हुए उनके सेवा विस्तार को मंजूरी दी है। यह निर्णय “अगले आदेश तक या निर्धारित अवधि, जो भी पहले हो” के आधार पर लागू होगा। नियमों के तहत आमतौर पर 60 वर्ष की सेवानिवृत्ति आयु के बाद सेवा विस्तार नहीं दिया जाता, लेकिन कुछ विशेष और संवेदनशील पदों जैसे रक्षा, गृह और खुफिया एजेंसियों के प्रमुखों के लिए अपवाद मौजूद हैं।
2023 से शर्मा संभाल रहें हैं कार्यभार
6 सितंबर, 2023 को तत्कालीन एसपीजी निदेशक अरुण कुमार सिन्हा के निधन के बाद से शर्मा एसपीजी निदेशक के पद का कार्यभार संभाल रहे हैं। नवंबर 2023 में शर्मा को आधिकारिक तौर पर एसपीजी का नया प्रमुख नियुक्त किया गया था। एसपीजी प्रमुख नियुक्त होने से पहले, शर्मा बल के अतिरिक्त महानिदेशक के पद पर कार्यरत थे। (एएनआई)
यह भी पढ़ेंः भारत की ऐतिहासिक जीत को 43 साल पूरे: 1983 विश्व कप ने बदला क्रिकेट का इतिहास