प्राइम न्यूज़ – एक कसम, राष्ट्र प्रथम
Breaking News

हिमाचल प्रदेश के चोर उत्तराखंड में लुटे

शिमला से भागे चोर उधमसिंह नगर में लुटे, मामले में आबकारी विभाग के दरोगा सहित चार गिरफ्तार

शिमला में एक घर से एक करोड़ रुपये से अधिक मूल्य के गहने और नकदी चुराकर भागे चोर उत्तराखंड के ऊधमसिंह नगर जिले में आबकारी विभाग की एक टीम के हाथों लुट गए।

शिमला से भागे चोर उधमसिंह नगर में लुटे मामले में आबकारी विभाग के दरोगा सहित चार गिरफ्तार

representative image |

रुद्रपुर (उत्तराखण्ड)। हिमाचल प्रदेश के शिमला में एक घर से एक करोड़ रुपये से अधिक मूल्य के गहने और नकदी चुराकर भागे चोर उत्तराखंड के ऊधमसिंह नगर जिले में आबकारी विभाग की एक टीम के हाथों खुद लुट गए। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी। पुलिस के मुताबिक, मामले का खुलासा होने के बाद हिमाचल प्रदेश और ऊधमसिंह नगर जिले की पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए रुद्रप्रुर से आबकारी विभाग के एक दरोगा और एक कांस्टेबल सहित चार लोगों को गिरफ्तार कर लिया। अन्य दो आरोपियों में एक उपनल कर्मी और प्रांतीय रक्षक दल का एक जवान शामिल है।

चोरी हुई संपत्ति का कारीब 80 प्रतिशत हिस्सा बरामद

आरोपियों के कब्जे से चोरी की गयी संपत्ति का कारीब 80 प्रतिशत हिस्सा भी बरामद कर लिया गया है। ऊधमसिंह नगर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति ने बताया कि चारों आरोपियों को हिमाचल प्रदेश पुलिस अपने साथ ले गई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, शिमला के सदर पुलिस थाने में आठ सितंबर को एक प्राथमिकी दर्ज की गयी थी जिसमें शिकायतकर्ता ने बताया था कि उन्हें सुबह जागने पर अपने घर की अलमारियां खुली हुई और सामान बिखरा मिला था। शिकायत में कहा गया था कि जांच के दौरान आभूषण, नकदी और अन्य कीमती सामान गायब मिला, जिसकी अनुमानित कीमत एक करोड़ रुपये से अधिक की थी।

चेकिंग के दौरान बरामद सामान को चौकी पर मौजूद चारों व्यक्तियों ने आपस में बांटा

पुलिस के अनुसार, चोरी की गई संपत्ति में हीरे जड़ित सोने के कंगन, सोने की अंगूठियां और बालियां, चांदी के सिक्के, करीब डेढ़ लाख रुपये नकद तथा अन्य कीमती सामान शामिल था। शिकायतकर्ता ने यह भी पाया था कि घर में काम करने वाली एक घरेलू सहायिका भी मौके से गायब थी। शिमला पुलिस ने संदिग्ध व्यक्तियों की तलाश, पूछताछ, तकनीकी एवं अन्य साक्ष्यों के आधार पर जब जांच आगे बढ़ाई तो चोरी के सामान को उत्तराखंड के रास्ते नेपाल ले जाए जाने की बात सामने आयी । इसके बाद उसने ऊधमसिंह नगर पुलिस से संपर्क किया। स्थानीय स्तर पर हुई जांच में सामने आया कि चोरी के सामान को लेकर जा रहा एक वाहन रुद्रपुर-रामपुर सीमा स्थित आबकारी चेकपोस्ट पर रोका गया था। सीसीटीवी फुटेज तथा अन्य जांचों में चेकिंग के दौरान बरामद सामान को चौकी पर मौजूद चारों व्यक्तियों द्वारा कथित तौर पर अपने पास रखने में संलिप्तता सामने आयी ।

शेष संपत्ति की बरामदगी के लिए जांच जारी

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान नैनीताल जिले के रामनगर के रहने वाले आबकारी दरोगा देवेन्द्र कुमार (56), ऊधमसिंह नगर जिले के निवासी कांस्टेबल बलजीत सिंह (35), उपनल कर्मी पप्पू लाल (58) तथा पीआरडी जवान नईम के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, अब तक चोरी की संपत्ति का करीब 80 प्रतिशत हिस्सा बरामद किया जा चुका है। शेष संपत्ति की बरामदगी के साथ ही चोरी की मूल घटना में शामिल संदिग्धों की पहचान और उनकी गिरफ्तारी के लिए मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।

Related to this topic: